आम आदमी पार्टी ने अपनी हरियाणा इकाई भंग की, जल्द होगा नई इकाई का गठन
आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग करने का फैसला किया है। AAP ने ट्विटर पर बताया कि उसने हरियाणा इकाई भंग कर दी है। वह जल्द ही नई इकाई की घोषणा करेगी। हरियाणा में पार्टी का प्रभार राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता के पास था, वहीं पिछले साल पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने AAP ज्वाइन की थी।
प्रदेश के साथ ही जिलों की इकाईयां भी भंग
प्रदेश की इकाई भंग होने के साथ ही जिला और अन्य मोर्चों की इकाईयां भी स्वतः भंग हो गई है। हालांकि, पार्टी हरियाणा में सिर्फ कुछ जिलों का ही गठन कर पाई थी, लेकिन हाल में हुए हरियाणा पंचायत चुनाव में पार्टी मजबूती से लड़ी और उसे 13 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे। हरियाणा में आगामी निगम और विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी 29 और 30 जनवरी को जोनल कार्यकर्ता सम्मेलन रोहतक, हिसार, कुरुक्षेत्र और गुरूग्राम में आयोजित करेगी।