Page Loader
कतर एयरवेज बनी दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइंस, शीर्ष 100 में 3 भारतीय एयरलाइंस भी शामिल

कतर एयरवेज बनी दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइंस, शीर्ष 100 में 3 भारतीय एयरलाइंस भी शामिल

लेखन अंजली
Jun 25, 2024
05:03 pm

क्या है खबर?

यूनाइटेड किंगडम (UK) में स्थित स्काईट्रैक्स नामक कंसल्टेंसी के इस साल की सबसे अच्छी एयरलाइन पुरस्कार का विजेता कतर एयरवेज बना है। इस पुरस्कार के 25 साल के इतिहास में 8वीं बार कतर एयरवेज को 'विश्व की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन' का खिताब मिला है और शीर्ष 100 में 3 भारतीय एयरलाइंस भी शामिल हैं। यह पुरस्कार समारोह लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के पास फेयरमोंट विंडसर पार्क में आयोजित किया गया था।

विजेता एयरलाइन

यह कतर एयरवेज के लिए गौरवपूर्ण क्षण है- बदर अल मीर

स्काईट्रेक्स के CEO एडवर्ड प्लेस्टेड ने कहा, "कतर एयरवेज के लिए साल 2024 में विश्व की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन का खिताब जीतना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है क्योंकि इसने 8वीं बार यह खिताब जीता है।" वहीं कतर एयरवेज के CEO बदर अल मीर ने कहा, "यह हमारे लिए गौरवपूर्ण क्षण है और उस पुरस्कार को अपने मेहनती सहयोगियों के साथ साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात है।" एयरलाइन ने विश्व के सर्वश्रेष्ठ बिजनेस क्लास के लिए भी प्रशंसा हासिल की है।

शीर्ष 10

शीर्ष 10 में शामिल रहीं ये एयरलाइंस

सूची में दूसरे स्थान पर सिंगापुर एयरलाइंस है, जो पिछले साल पहले स्थान पर थी। तीसरे स्थान पर अमीरात है, जबकि चौथा स्थान AANA ऑल निप्पॉन एयरवेज ने हासिल किया है। 5वें पर कैथे पैसिफिक, 6वें पर जापान एयरलाइंस, 7वें पर टर्किश एयरलाइंस, 8वें पर EVA एयर, 9वें स्थान पर एयर फ्रांस रही। इसके बाद 10वें स्थान पर स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस है, जिसे साल 2023 में 12वां स्थान मिला था

भारत 

भारत की एयरलाइंस को कौन-सा स्थान मिला?

स्काईट्रैक्स के इस पुरस्कार को 'विमानन उद्योग का ऑस्कर' कहा जाता है, जिसके लिए 100 देशों के 21 लाख से अधिक ग्राहकों पर किए सर्वे से 350 से अधिक एयरलाइनों का मूल्यांकन किया गया। स्काईट्रेक्स की सूची में भारत की विस्तारा, इंडिगो और एयर इंडिया एयरलाइन ने शीर्ष 100 में स्थान अर्जित किया है। विस्तारा एयरलाइन को 16वां स्थान मिला है, जबकि इंडिगो एयरलाइन ने 52वां स्थान हासिल किया है। इसके बाद 90वें स्थान पर एयर इंडिया एयरलाइन रही।

पुरस्कार 

स्काईट्रैक्स पुरस्कार से जुड़ी महत्वूर्ण जानकारी 

स्काईट्रैक्स के विश्व की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन पुरस्कार की शुरुआत साल 1999 में स्काईट्रैक्स के पहले वैश्विक एयरलाइन ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण के साथ हुई। सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को बेहतरीन एयरलाइन के बारे में जानकारी देना है। इसके लिए स्काईट्रैक्स ने एयरलाइन पुरस्कार की प्रक्रिया का संचालन किया, जो निष्पक्ष और विश्वयापी दायरे में रहकर सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर दुनियाभर की एयरलाइंस को रैंकिंग देता है।