स्वतंत्रता दिवस: इस खास मौके के लिए महिलाएं चुनें ये परिधान, लगेंगी सबसे ज्यादा आकर्षक
क्या है खबर?
15 अगस्त, 1947 में हम आजाद हुए और इसी का जश्न मनाने के लिए स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। इस साल भारत अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मानाने वाला है, जो एकता और आजादी के गौरव का आनंदमय उत्सव है। इस अवसर हर कोई देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत दिखना चाहता है। अगर महिलाएं भी खुद को देश प्रेम के रंगों में सराबोर कर लेना चाहती हैं तो इस स्वतंत्रता दिवस पर आप इन परिधानों को जरूर चुनें।
#1
कुर्ता-प्लाजो लगेगा खूबसूरत
अगर हमेशा सूट या साड़ी पहनती हैं तो इस बार स्वतंत्रता दिवस पर केसरिया, हरे या सफेद रंग की कुर्ती के साथ उसकी मैचिंग का प्लाजो पहन सकती हैं। बाजार में आपको कई तरह के पैटर्न और डिजाइन में कुर्ती और प्लाजो आसनी से मिल जाएंगे। अच्छी बात ये है कि इन्हें पहनकर आप न सिर्फ स्टाइलिश लगेंगी बल्कि ये आपको उमस वाले वातावरण में ठंडक का अहसास भी दिलाएंगे।
#2
सफेद रंग के अनारकली सूट के साथ केसरिया या हरा दुपट्टा लें
महिलाएं इस उत्सव के लिए सफेद रंग के अनारकली सूट के साथ केसरिया या हरे रंग का दुपट्टा भी चुन सकती हैं। ये परिधान मौके के हिसाब से परफेक्ट वाइब्स देगा। अपने लुक को पूरा करने के लिए बालों का जूड़ा बनाकर उस पर गजरा लगाएं और तिरंगे वाली चूड़ियां जरूर पहनें। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियां भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस तरह के कपड़े पहनें हुई नजर आती हैं।
#3
तिरंगे के रंग वाली साड़ी
साड़ी स्वतंत्रता दिवस पर महिलाओं के लिए एक लोकप्रिय विकल्प हो सकती है। आप केसरिया, सफेद या हरे रंग की सिल्क साड़ी पहन सकती हैं। इसके अतिरिक्त इन दिनों कॉटन और ऑर्गेंजा साड़ियां भी बेहद मशहूर हैं, जिन्हें आप तिरंगे के रंगों वाली चूड़ियों के साथ स्टाइल कर सकती हैं। आप स्वतंत्रता दिवस पर बांधनी और लहरिया आदि साड़ियां भी चुन सकती हैं।
#4
पटियाला सूट-सलवार
स्वतंत्रता दिवस के लिए आप सफेद रंग का पटियाला सूट-सलवार भी चुन सकती हैं। इस परिधान के साथ ऑक्सीडाइज्ड ज्वैलरी पहनें और बालों में परानधा जरूर लगाएं। इससे आपकी खूबसूरती में चार-चांद लग जाएंगे। इसके अलावा इसके साथ फुटवियर के तौर पर पंजाबी जूतियां पहनें और हाथों में मैचिंग चूड़ियां डालना न भूलें। यकीनन इस लुक में फोटो भी अच्छी आएगीं।
#5
खादी कपड़े से बनी ड्रेस
खादी हमारे देश के स्वतंत्रता संग्राम में आत्मनिर्भरता का प्रतीक है, जिसे आप स्वतंत्रता दिवस पर चुन सकती हैं। आजकल खादी में कई तरह के परिधान उपलब्ध हैं और इस उत्सव के लिए आप बेज या भूरे जैसे हल्के रंगों वाली खादी ड्रेस पहनकर सुंदर दिख सकती हैं। खादी के कपड़े आरामदायक होते हैं और पर्यावरण के प्रति जागरूक फैशनपरस्तों के लिए एक बढ़िया विकल्प हैं।