Page Loader
दुनिया की 100 प्रतिष्ठित आइसक्रीमों की सूची में लगातार दूसरे साल शामिल हुईं ये भारतीय आइसक्रीम

दुनिया की 100 प्रतिष्ठित आइसक्रीमों की सूची में लगातार दूसरे साल शामिल हुईं ये भारतीय आइसक्रीम

लेखन सयाली
Jun 29, 2025
05:37 pm

क्या है खबर?

गर्मी के दिनों में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम मिल जाए तो मन तृप्त हो जाता है। यह मीठा व्यंजन मुंह में स्वाद का विस्फोट भी कर देता है। दुनियाभर में हजारों तरह की आइसक्रीम बनाई जाती हैं, जिनका अपना खास स्वाद होता है। इसी कड़ी में वैश्विक खाद्य सूचियां तैयार करने के लिए प्रसिद्ध 'टेस्ट एटलस' पत्रिका ने दुनिया की 100 सर्वश्रेष्ठ आइसक्रीम की सूची जारी की है। इसमें लगातार दूसरे साल भारत की इन 5 आइसक्रीम ने अपनी जगह बनाई है।

#1

के रुस्तम एंड कंपनी का 'मैंगो आइसक्रीम सैंडविच' 

1953 में मुंबई शहर में 'के रुस्तम एंड कंपनी' की स्थापना की गई थी। यह एक ईरानी आइसक्रीम पार्लर है, जो अपने आइसक्रीम सैंडविच के लिए भारत समेत पूरी दुनिया में मशहूर है। इस ब्रांड के विभिन्न फ्लेवर में से 'मैंगो आइसक्रीम सैंडविच' खाने के लिए लोग लंबी कतारों में इंतजार करते हैं। इस प्रतिष्ठित आइसक्रीम सैंडविच को टेस्ट एटलस की सूची में 22वां स्थान दिया गया है। यह आइसक्रीम अपने मलाईदार स्वाद और कुरकुरे वेफर के लिए प्रसिद्ध है।

#2

पब्बा आइसक्रीम की प्रसिद्ध 'गड़बड़'

कर्नाटक के शहर मंगलुरु में रहने वाले सभी लोगों की जबान पर 'पब्बा' ब्रांड का नाम रहता ही है। यहां मिलने वाली 'गड़बड़' आइसक्रीम अब विश्व स्तर पर प्रसिद्धि हासिल कर रही है। टेस्ट एटलस ने अपनी सूची में इस आइसक्रीम को 33वें स्थान पर रखा है। इस आइसक्रीम को एक लंबे गिलास में परोसा जाता है। इसे जेली, फल और मेवों के संयोजन से तैयार किया जाता है और इसमें 3 फ्लेवर की आइसक्रीम डाली जाती है।

#3

नेचुरल्स आइसक्रीम की 'टेंडर कोकोनट'

मुंबई के जुहू की एक छोटी-सी दुकान से शुरू होने वाला ब्रांड 'नेचुरल्स' आज पूरे देश की पसंद बन गया है। इसकी खासियत यह है कि इस ब्रांड की आइसक्रीम प्राकृतिक सामग्रियों से बनाई जाती है और इनमें प्रीजर्वेटिव्स नहीं डाले जाते हैं। यह ब्रांड कई फ्लेवर की आइसक्रीम बेचता है, लेकिन इसकी 'टेंडर कोकोनट' का कोई मुकाबला नहीं है। इस अनोखे फ्लेवर वाली आइसक्रीम को टेस्ट एटलस ने 40वां स्थान दिया है।

#4

अप्सरा आइसक्रीम की 'गुआवा डिलाइट' 

1971 में मुंबई में स्थापित 'अप्सरा आइसक्रीम' अपने अनोखे फ्लेवर के लिए जानी जाती है। इस ब्रांड की आइसक्रीम को बनाने के लिए ताजे फलों का इस्तेमाल होते है और इसमें किसी प्रकार का प्रीजर्वेटिव नहीं पड़ता है। इस ब्रांड की 'गुआवा डिलाइट' आइसक्रीम की दुनियाभर में चर्चा हो रही है, जिसे ताजे अमरुद से तैयार किया जाता है। अमरुद के स्वाद वाली इस आइसक्रीम ने टेस्ट एटलस की सूची में 61वां स्थान हासिल किया है।

#5

कॉर्नर हाउस की 'डेथ बाय चॉकलेट' 

बेंगलुरु में स्थित 'कॉर्नर हाउस' 1982 से अपनी स्वादिष्ट आइसक्रीमों के लिए मशहूर रहा है। इस ब्रांड की 'डेथ बाय चॉकलेट' आइसक्रीम ने टेस्ट एटलस की इस साल की सूची में 80वां स्थान हासिल कर लिया है। इस चॉकलेटी आइसक्रीम संडे में चॉकलेट स्पंज केक, चॉकलेट आइसक्रीम, चेरी, चॉकलेट सिरप, मेवे और अन्य चीजें डाली जाती हैं। इस लाजवाब आइसक्रीम को खाकर आप मीठे स्वाद में खो जाएंगे। बता दें कि 2024 में इसे 50वां स्थान मिला था।