मानसून के दौरान इन खाद्य पदार्थों से बना लें दूरी, हो सकती है फूड पॉइजनिंग
क्या है खबर?
मानसून के दौरान वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ जाती है, जिसके कारण बैक्टीरिया तेजी से बढ़ने लगते हैं और ये कई खाद्य पदार्थों को खराब कर सकते हैं। ऐसे में अगर कोई खराब खाद्य पदार्थ का सेवन कर लेता है तो उसे फूड पॉइजनिंग का सामना करना पड़ सकता है। आइए आज हम आपको 5 ऐसे खाद्य पदार्थों के बारे में बताते हैं, जिनका मानसून में सेवन करने से आपको फूड पॉइजनिंग का खतरा हो सकता है।
#1
कच्ची सब्जियां
मानसून के दौरान कच्ची सब्जियां, जैसे सलाद आदि न खाने की सलाह दी जाती है। इस दौरान इनमें बैक्टीरिया बढ़ने के साथ-साथ इन्हें खराब करने के लिए अच्छा माहौल भी बन जाता है।
अगर आपको सलाद खाना पसंद है तो इसे घर पर बनाएं, लेकिन इससे पहले सब्जियों को अच्छे से धो लें और सलाद में इस्तेमाल होने वाले पानी को उबालकर ठंडा कर लें।
सब्जियों को सही तरीके से धोना बहुत जरूरी है।
#2
स्ट्रीट फूड
मानसून के दौरान सड़क पर मिलने वाले स्ट्रीट फूड खाने से भी बचना चाहिए, क्योंकि खुले में रखे ऐसे खाद्य पदार्थ तेजी से खराब हो सकते हैं।
अगर आपको स्ट्रीट फूड पसंद है तो साफ-सुथरी जगह पर बने खाने को खाएं, लेकिन ध्यान रखें कि यह गर्मा-गर्म हो।
घर पर ही स्ट्रीट फूड वाले व्यंजन बनाकर खाएं, यह ज्यादा सुरक्षित रहेगा। अगर कभी बाहर खाने भी जाएं तो पहले स्टॉल और खाने की साफ-सफाई व गुणवत्ता पर गौर करें।
#3
दूध और उसके उत्पाद
मानसून में दूध और उसके उत्पादों का सेवन भी सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता है।
इसका कारण है कि इस मौसम में दूध और दही जैसी चीजों में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं और इन्हें खराब कर सकते हैं।
हालांकि, अगर आपको दूध की चीजें पसंद हैं तो इन्हें खरीदने से पहले अच्छे ब्रांड का ध्यान रखें और घर पर ही दूध की चीजें बनाकर खाने की कोशिश करें।
#4
बाहर का पानी
मानसून के दौरान खराब पानी भी फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है। इसलिए, इस मौसम में बाहर का पानी पीने से बचें और बर्फ वाले पेय का सेवन करने से भी परहेज करें।
बेहतर होगा कि आप बोतल का पानी पीएं और घर पर ही ताजे फलों का रस बनाकर पिएं। इसके अलावा मानसून में शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।