डैंड्रफ से राहत दिला सकते हैं ये 5 हेयर मास्क, ऐसे बनाएं और इस्तेमाल करें
क्या है खबर?
डैंड्रफ की समस्या से छुटकारा पाने के लिए हर दिन या हर दूसरे दिन सिर को धोना जरूरी है। हालांकि, अगर आप बार-बार शैंपू का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं तो हेयर मास्क का इस्तेमाल करके भी डैंड्रफ की समस्या से राहत पा सकते हैं। आइए आज हम आपको 5 ऐसे हेयर मास्क के बारे में बताते हैं, जिनका इस्तेमाल करके आप डैंड्रफ से छुटकारा पा सकते हैं।
#1
नारियल के तेल और नींबू के रस का हेयर मास्क
सामग्री: 2 बड़ी चम्मच नारियल का तेल और आधा नींबू।
हेयर मास्क बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका: सबसे पहले एक कटोरी में नारियल के तेल और नींबू के रस को डालकर उन्हें अच्छे से मिला लें। अब इस मिश्रण को सिर की त्वचा और बालों पर लगाएं। इसके बाद सिर को प्लास्टिक कैप से ढकें और 30 मिनट के बाद सिर को गुनगुने पानी से धो लें।
#2
एलोवेरा और टी ट्री ऑयल का हेयर मास्क
सामग्री: 2 चम्मच एलोवेरा जेल और 5-6 बूंदें टी ट्री ऑयल।
हेयर मास्क बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका: सबसे पहले एक कटोरी में एलोवेरा जेल और टी ट्री ऑयल को डालकर उन्हें अच्छे से मिला लें। अब इस मिश्रण को पूरे सिर में लगाएं और 20-30 मिनट के बाद सिर को गुनगुने पानी से धो लें। टी ट्री ऑयल में ऐसे गुण होते हैं, जो डैंड्रफ की समस्या को दूर कर सकते हैं।
#3
सेब के सिरके और जैतून के तेल का हेयर मास्क
सामग्री: 2 चम्मच सेब का सिरका, 1 चम्मच जैतून का तेल और पानी (आवश्यकतानुसार)।
हेयर मास्क बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका: सबसे पहले एक कटोरी में सेब का सिरका और जैतून का तेल मिलाएं। अब इस मिश्रण को पूरे सिर में लगाएं और 10 मिनट के बाद सिर को गुनगुने पानी से धो लें। इसके बाद सिर को तौलिए से हल्के से पोंछकर खुली जगह पर सुखाएं।
#4
केला, शहद और दही का हेयर मास्क
सामग्री: 1 केला, 2 चम्मच शहद और 2 चम्मच दही।
हेयर मास्क बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका: सबसे पहले केले को छीलकर मिक्सर में डालें और उसे अच्छे से पीस लें, फिर उसमें शहद और दही डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को पूरे सिर में लगाएं और 15 मिनट के बाद सिर को गुनगुने पानी से धो लें।
#5
एलोवेरा, नींबू और दही का हेयर मास्क
सामग्री: 2 चम्मच एलोवेरा जेल, 1 चम्मच नींबू का रस और 2 चम्मच दही।
हेयर मास्क बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका: सबसे पहले एक कटोरी में एलोवेरा जेल, नींबू का रस और दही डालकर उन्हें अच्छे से मिला लें। इसके बाद इस मिश्रण को पूरे सिर में लगाएं और 20-25 मिनट के बाद सिर को गुनगुने पानी से धो लें।