सर्दियों में डाइट से जुड़ी ये 5 गलतियां हो सकती हैं स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक
क्या है खबर?
सर्दियों में ठंड के कारण हमारी दिनचर्या और खान-पान में बदलाव आते हैं। इस दौरान हम अपने शरीर को गर्म रखने के लिए कई उपाय अपनाते हैं, लेकिन कई बार हम अनजाने में कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं, जो हमारे स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती हैं। आइए आज हम आपको सर्दियों के दौरान की जाने वाली उन गलतियों के बारे में बताते हैं, जो शरीर को गर्माहट देने के लिए किए जाने वाले प्रयासों को बेअसर कर सकती हैं।
#1
गर्मियों की तुलना में सर्दियों में कम पानी पीना
गर्मियों के मुकाबले सर्दियों में शरीर को कम पानी की जरूरत होती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आप पानी के सेवन को नजरअंदाज कर दें।
पानी का सेवन कम करने से शरीर के अंदर की सफाई की प्रक्रिया धीमी हो जाती है और हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने की क्षमता कम हो जाती है।
इसके अतिरिक्त शरीर में पानी की कमी के कारण पाचन धीमा हो जाता है, जिससे पेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
#2
गर्माहट देने वाले खाने का अधिक सेवन करना
सर्दियों में शरीर को गर्म रखने के लिए कई लोग अधिक मसालेदार और तले-भुने खाने का सेवन कर लेते हैं, लेकिन इनका अधिक सेवन सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।
उदाहरण के लिए ज्यादा तली चीजें खाने से पेट में जलन, गैस, कब्ज और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इसके अलावा मसालेदार खाने का ज्यादा सेवन करने से एसिडिटी की समस्या भी हो सकती है।
#3
गर्म पेय का अधिक सेवन करना
सर्दियों में गर्म पेय का सेवन करना अच्छा माना जाता है क्योंकि इससे शरीर को गर्माहट मिलती है।
हालांकि, अगर आप रोजाना चाय या कॉफी का एक नहीं बल्कि कई कप पीते हैं तो इससे शरीर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
चाय या कॉफी में मौजूद कैफीन की अधिकता से सिरदर्द, बेचैनी, नींद न आना, उल्टी, पेट दर्द और चक्कर जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
#4
नाश्ते को नजरअंदाज करना
नाश्ते को नजरअंदाज करना या फिर इसे छोड़ देना किसी भी तरह से अच्छा नहीं है। इससे शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता है, जो कई तरह की शारीरिक समस्याओं का कारण बन सकता है।
इसके अलावा इससे शरीर की ऊर्जा धीमी हो जाती है और वजन बढ़ना शुरू हो जाता है।
इसलिए नाश्ते को नजरअंदाज न करें और इसे पौष्टिक बनाने के लिए इसमें फाइबर, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट जैसे पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करें।
#5
ताजे फल और सब्जियां खाने से बचना
सर्दियों में ताजे फल और सब्जियां खाने से बचना एक बड़ी गलती है क्योंकि ये खाद्य पदार्थ विटामिन-A, विटामिन-C, विटामिन-K और फाइबर जैसे कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं।
ये पोषक तत्व शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को मजबूत बनाने के साथ पाचन को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। इसलिए अपनी डाइट में मौसमी सब्जियों और फलों को शामिल करना न भूलें।