घर पर इन 5 तरीकों से संक्रमणों का जोखिम करें कम, सदस्य रहेंगे स्वस्थ
क्या है खबर?
सामान्य संक्रमण जैसे सर्दी, खांसी और फ्लू आदि को फैलने से रोकना बहुत जरूरी है, खासकर जब कोई परिवार का सदस्य इन संक्रमणों से प्रभावित हो तो अन्य सदस्यों के बीच इनका फैलना आम बात है। इसलिए आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर सामान्य संक्रमणों के फैलने का जोखिम कम किया जा सकता है। आइए इन तरीकों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
#1
हाथों को धोएं
सामान्य संक्रमणों के फैलने का सबसे आम कारण हाथ होते हैं। इसलिए जब तक संक्रमण वाला व्यक्ति अपने हाथों को धोएगा नहीं, तब तक संक्रमण के फैलने का खतरा बना रहेगा।
इसलिए संक्रमण से प्रभावित व्यक्ति को अपने हाथों को नियमित रूप से साबुन और पानी से धोने के बाद अल्कोहल वाले सैनिटाइजर का इस्तेमाल करना चाहिए।
इसके अलावा अन्य सदस्यों को भी अपने हाथों को धोने की आदत डालनी चाहिए।
#2
खांसते और छींकते समय मुंह को ढकें
जब भी सामान्य संक्रमण से ग्रस्त व्यक्ति खांसता या छींकता है तो उसके मुंह से निकलने वाले कण हवा के साथ अन्य लोगों के शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।
इससे भी संक्रमण फैलता है। इसलिए जब भी संक्रमण वाला व्यक्ति खांसें या छींकें तो अपने मुंह को कागज के रुमाल से ढके और उसे तुरंत कूड़े में डाल दें।
अगर कागज का रुमाल न हो तो अपनी कोहनी का इस्तेमाल करें।
#3
बर्तन और तौलिए साझा करने से बचें
सामान्य संक्रमण वाले व्यक्ति को अपने बर्तन और तौलिए साझा करने से बचना चाहिए।
दरअसल, जब हम किसी बर्तन का इस्तेमाल करते हैं तो उस पर कुछ कीटाणु और वायरस के कण रह जाते हैं, जो अन्य लोगों को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए बर्तनों को साझा न करें और हर बार उसके इस्तेमाल के बाद उन्हें गर्म पानी और साबुन से साफ करें।
इसके अलावा तौलिए को भी साझा न करें।
#4
नियमित रूप से घर की सफाई करें
घर की सफाई न करने से भी सामान्य संक्रमण का खतरा रहता है। इसलिए घर की सफाई को नजरअंदाज न करें।
इसके लिए घर की रोजाना सफाई करें और फर्श, टेबल-कुर्सी, दरवाजे के हैंडल आदि को कीटाणु नाशक से साफ करें।
इसके अलावा नियमित रूप से कूड़े को बाहर फेंके और रसोई, बाथरूम आदि की भी सफाई करें। साथ ही घर में ज्यादा से ज्यादा हवा और रोशनी आने दें।
#5
खुद को अलग रखें
अगर आप खुद सामान्य संक्रमण से ग्रस्त हैं तो खुद को अलग रखें।
इसका मतलब है कि जब भी आप बीमार हों तो खुद को घर के एक हिस्से तक सीमित रखें और परिवार के अन्य सदस्यों से दूरी बनाकर रखें। साथ ही अपने बर्तन, तौलिए और अन्य सामान को भी साझा न करें।
इसके अलावा जब भी आप खांसें या छींकें तो अपने मुंह को ढकें, इससे संक्रमण फैलने का खतरा कम होगा।