Page Loader
भारत की सबसे स्वादिष्ट थालियों का जायका लेना चाहते हैं तो इन जगहों पर जाएं

भारत की सबसे स्वादिष्ट थालियों का जायका लेना चाहते हैं तो इन जगहों पर जाएं

लेखन अंजली
Oct 31, 2019
10:09 pm

क्या है खबर?

अगर आप खाने के शौकीन हैं, तो आपको भारत के विभिन्न राज्यों की थाली का लुत्फ जरूर उठाना चाहिए। इसके लिए आपको उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक की यात्रा करनी होगी। दरअसल, यह सिर्फ कहावत ही नहीं बल्कि हकीकत है कि भारत में हर 50 किलोमीटर के बाद खाने का स्वाद बदल जाता है। इसलिए आज हम आपको यह बताने वाले हैं कि भारत की चार सबसे बेहतरीन थालियों के लिए आपको कहां घूमना चाहिए। आइए जानें।

#1

पंजाबी थाली

वैसे तो भारत में किसी भी बड़े रेस्टोरेंट में आपको पंजाबी थाली मिल जाएगी, लेकिन उस थाली में वो बात नहीं है। अगर आप पंजाबी थाली का लुत्फ लेना चाहते हैं, तो आपको पंजाब की सैर जरूर करनी चाहिए। आपको असली पंजाबी थाली में राजमा, छोले, चावल, पनीर और नान जरूर मिलेगा। स्थानीय मसालों से बने हुए इस खाने का स्वाद आपका दिल जीत लेगा। साथ ही सरसों का साग, मक्के की रोटी और लस्सी यहां के मशहूर व्यंजन हैं।

#2

राजस्थानी थाली

राजस्थान का खाना न सिर्फ राजस्थान में बल्कि पूरे भारत में मशहूर है। राजस्थान के खाने की सबसे खास बात ये है कि यहां पर खाना खड़े मसालों में पकाया जाता है, जिसके कारण खाना स्वाद और खूशबू से भरपूर हो जाता है। अगर आपको राजस्थानी जायके का स्वाद लेना है, तो राजस्थान के कई शहरों की सैर पर जरूर जाएं। आपको राजस्थानी थाली में गट्टे की सब्ज़ी, केर संगरी, कचौरी, दाल बाटी चूरमा और घेवर जरूर मिलेगा।

#3

गुजराती थाली

गुजराती खाने की बात हो तो इस खाने के स्वाद में आपको खट्टा और मीठा दोनों स्वाद मिलेंगे। दाल जैसी नॉर्मल रेसिपी में भी तड़का लगाते समय गुजरात में चीनी या गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा गुजराती खाने में आपको मीठे की अधिकता मिलेगी। अगर आपको गुजराती थाली के स्वाद का लुत्फ उठाना है, तो इस खूबसूरत राज्य की सैर पर जरूर जाएं। गुजराती थाली में आपको थेपला, खांडवी, ढोकला, पुरन पोली और चवदोह का स्वाद मिलेगा।

जानकारी

साउथ इंडियन थाली

साउथ इंडियन थाली का लुत्फ उठाने के लिए आपको दक्षिण भारत की सैर करनी होगी। इस में डोसा, रसम, वडा, चावल, अप्पम आदि सांबर और नारियल की चटनी के साथ परोसा जाता है। इसके अलावा इस थाली के साथ मीठे में पेसरप्पप्पु-पायसम परोसा जाता है।