LOADING...
सेहत के लिहाज से बेहद लाभदायक है लोकाट, जानिए इसके फायदे

सेहत के लिहाज से बेहद लाभदायक है लोकाट, जानिए इसके फायदे

लेखन अंजली
Apr 30, 2021
01:06 pm

क्या है खबर?

खट्टे-मीठे स्वाद से भरपूर लोकाट एक लोकप्रिय और गुणकारी फल है। यह कई विटामिन्स, मिनरल्स और अन्य गुणकारी पोषक तत्वों से समृद्ध होता है। लोकाट के सेवन से शरीर को कई तरह के रोगों से लड़ने में मदद मिलती है और इससे हृदय रोगों और कैंसर जैसी घातक बीमारियों से बचाव भी हो सकता है। चलिए आज आपको लोकाट के कुछ ऐसे ही अद्भुत फायदों के बारे में बताते हैं।

#1

हृदय को स्वस्थ रखने में करता है मदद

एक शोध के अनुसार, लोकाट में फेनोलिक यौगिक मौजूद होता है। यह यौगिक शक्तिशाली एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी के रूप में कार्य करके मुक्त कणों से हृदय को पहुंचने वाली क्षति और हृदय की कोशिकाओं में आने वाली सूजन को दूर करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा लोकाट में बढ़े हुए कोलेस्ट्रोल और ब्लड प्रेशर को कम करने का गुण भी मौजूद होता है जो हृदय जोखिमों से राहत देने में कारगर है।

#2

रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में सहायक है लोकाट

लोकाट का सेवन रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में भी काफी मदद कर सकता है। यह फल विटामिन-सी से समृद्ध होता है जो रोग पैदा करने वाले कीटाणुओं से लड़कर रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। इसके अलावा लोकाट में मौजूद विटामिन-सी शरीर की कोशिकाओं का विकास करने में भी सहायक साबित हो सकती है। इस आधार पर लोकाट को अपनी डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।

#3

कैंसर से बचाव करने में सहायक है लोकाट

नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन (NCBI) की वेबसाइट पर प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, लोकाट के अर्क में स्तन कैंसर की बढ़ती कोशिकाओं को रोकने और इसके प्रभाव को कुछ हद तक कम करने की क्षमता भी होती है। स्तन कैंसर के साथ-साथ शरीर के अन्य भागों में होने वाले कैंसर से भी यह बचाव कर सकता है। हालांकि ध्यान रहे कि अगर किसी को कैंसर है तो उसे डॉक्टर से उचित उपचार कराना चाहिए।

#4

आंखों के लिए भी फायदेमंद है लोकाट

आंखों की छोटी-मोटी समस्याओं से छुटकारा दिलाने में भी लोकाट फायदेमंद हो सकता है। NCBI की वेबसाइट पर प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, इसमें विटामिन-C, विटामिन-A, जिंक और कॉपर जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। ये पोषक तत्व आंखों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ आंख संबंधी समस्याओं के जोखिम को कम करने का काम कर सकते हैं। लोकाट आंखों की रोशनी को प्रभावित होने से भी बचा सकता है, इसलिए इसे डाइट में जरूर शामिल करें।