Page Loader
कई शारीरिक समस्याओं का इलाज बन सकता है एक्टिवेटेेड चारकोल, जानिये इसके फायदे

कई शारीरिक समस्याओं का इलाज बन सकता है एक्टिवेटेेड चारकोल, जानिये इसके फायदे

लेखन अंजली
Jul 30, 2020
09:25 pm

क्या है खबर?

एक्टिवेटेड चारकोल दिखने में तो काला होता है लेकिन त्वचा की खूबसूरती को निखारने में अहम भूमिका निभाता है। इसी वजह से इसका इस्तेमाल काफी पुराने समय से किया जा रहा है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि चारकोल का इस्तेमाल सिर्फ खूबसूरती तक ही सीमित नहीं है क्योंकि इसके इस्तेमाल से कई तरह की शारीरिक समस्याओं से भी राहत पाई जा सकती है। चलिए फिर इसके अद्भुत फायदों के बारे में जानते हैं।

जानकारी

एक्टिवेटेड चारकोल क्या है?

एक्टिवेटेड चारकोल को बनाने के लिए कोयले को तेज आंच पर गर्म किया जाता है। इसकी वजह से चारकोल के भीतर छोटे-छोटे छेद बन जाते हैं। इन छेदों की वजह से ही एक्टिवेटेड चारकोल की सोखने की क्षमता बढ़ जाती है। एक्टिवेटेड चारकोल की इसी क्षमता के कारण केमिकल और टॉक्सिन या विषैले तत्वों को सोखने में सक्षम हो पाता है और इसका इस्तेमाल शरीर को सुरक्षा प्रदान करने में सहयोग प्रदान कर पाता है।

#1

किडनी को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करता है एक्टिवेटेड चारकोल

एक्टिवेटेड चारकोल किडनी की समस्याओं से राहत देने में काफी हद तक मदद कर सकता है क्योंकि यह एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होता है। एक्टिवेटेड चारकोल में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट क्रोनिक रीनल फेलर यानी किडनी फेल होने की गंभीर बीमारी के जोखिमों से राहत देने में सहयोग प्रदान कर सकता है। इसके अतिरिक्त एक्टिवेटेड चारकोल का इस्तेमाल किड़नी को स्वस्थ रखने और किडनी की कार्य प्रणाली में सुधार करने में भी मददगार है।

#2

हृदय का सुरक्षा कवच बन सकता है एक्टिवेटेड चारकोल

खाने में एक्टिवेटेड चारकोल का इस्तेमाल करने से हृदय को स्वस्थ रखने में काफी मदद मिल सकती है क्योंकि यह लो डेंसिटी लिपोप्रोटीन-कोलेस्ट्रॉल को कम कर सकता है। यह शरीर को नुकसान पहुंचाने वाला कोलेस्ट्रॉल होता है जो हृदय रोग का कारण बन सकता है। इसी के साथ ही एक्टिवेटेड चारकोल का इस्तेमाल करने से अच्छे कोलेस्ट्रॉल यानी हाई डेंसिटी लिपोप्रोटीन-कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित बनाए रखने में मदद मिल सकती है। यह हृदय के लिए लाभकारी हो सकता है।

#3

दांतों के लिए फायदेमंद है एक्टिवेटेड चारकोल

एक्टिवेटेड चारकोल दांतों के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है क्योंकि इसमें व्हाइटनिंग गुण होते हैं जो दांतों को सफेद करने में सहयोग प्रदान कर सकते हैं। इतना ही नहीं एक्टिवेटेड चारकोल में पिगमेंटेशन और दाग-धब्बों को खत्म करने की भी क्षमता होती है जो दांतों के रंग को प्रभावित करने का काम करते हैं। इसलिए अब कई टूथपेस्ट में भी चारकोल का इस्तेमाल किया जाने लगा है।

#4

पानी को साफ करने में सहायक होता है एक्टिवेटेड चारकोल

यह बात तो सभी जानते हैं कि दूषित पानी का सेवन शरीर को कई गंभीर बीमारियों से घेर सकता है इसलिए हमेशा साफ पानी का सेवन ही करना चाहिए। वैसे पानी को शुद्ध करने के लिए भी एक्टिवेटेड चारकोल का इस्तेमाल किया जा सकता है क्योंकि इसमें पानी में मौजूद हानिकारक कार्बनिक यौगिकों, स्वाद और अन्य रसायनों को सोखने की अच्छी क्षमता होती है। इसलिए पानी को साफ करने के लिए एक्टिवेटेड चारकोल का इस्तेमाल किया जा सकता है।