आप घर पर आसानी से बना सकती हैं बीड वाली सुंदर बालियां, जानिए तरीका
क्या है खबर?
बालियां भारतीय ही नहीं, बल्कि दुनियाभर की महिलाओं के श्रृंगार का अहम हिस्सा होती हैं। ये न केवल लुक को आकर्षक बना देती हैं, बल्कि चेहरे के आकार को भी बदल देती हैं।
बाजार में तो आपको हजारों डिजाइन वाली बालियां मिल जाएंगी। हालांकि, अगर आप चाहें तो आप घर पर भी बड़ी ही आसानी से बीड वाली बालियां तैयार कर सकती हैं।
आज के फैशन टिप्स में हम आपको इन्हें बनाने का तरीका बताएंगे।
#1
सारा सामान खरीद लाएं
बालियां बनाने के लिए आपको कई अलग-अलग आकार और रंगों वाली बीड लाने की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए अपने घर के पास वाली क्राफ्ट की दुकान पर जाएं और उन्हें खरीद लाएं।
इसके अलावा, बालियां बनाने के लिए आपको कुछ अन्य सामग्री भी चाहिए होगी। इसमें हेडपिन, फ्रेंच हुक इयरवायर, क्रिस्टल, पंख और मोती आदि शामिल हो सकते हैं।
अगर आप भारतीय लुक वाली बालियां बनाना चाह रही हैं तो उस हिसाब का सामान लेकर आएं।
#2
धागे में बीड पिरोना शुरू करें
हेडपिन सुई जैसी दिखने वाली लंबी पिन होती हैं, जिन्हें बालियां बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। सामान लाने के बाद हेडपिन में बीड लगाना शुरू कर दें।
इसके लिए धागे का इस्तेमाल करें और उसकी मदद से हेडपिन में बीड डालती जाएं। बीड की संख्या इन बातों पर निर्भर करेगी कि आपको कितनी बड़ी बाली चाहिए और बीड व हेडपिन का आकार क्या है।
धीरे-धीरे सभी बीड हेडपिन में पिरो लें, ताकि बालियों का बेस तैयार हो जाए।
#3
इस तरह से हुक बनाएं
जब आप अपनी पसंद के मुताबिक सभी बीड लगा लें, तब बालियों का हुक बनाना शुरू करें।
एक प्लायर लें और उसकी मदद से हेडपिन के ऊपरी हिस्से को मोड़कर गोल लूप बना लें।
एक फ्रेंच हुक ईयर वायर लें और उसे एक तरफ से खोलें। हुक को हेडपिन के अंत में बनाए गए लूप में डालें।
अब प्लायर की मदद से खुले हुक को बंद करें और उसे अच्छी तरह से कस लें, ताकि बाली अलग न हो जाए।
#4
अन्य चीजें जोड़कर आकर्षक बनाएं
इसी प्रक्रिया का पालन करते हुए दूसरी बाली भी तैयार कर लें, ताकि उनका जोड़ा बन जाए। अगर आपको सिंपल और छोटी बालियां पसंद आती हैं तो इसे इसी तरह पहन लें।
वहीं, अगर आपको बड़ी और अलग डिजाइन वाली बालियां पसंद हैं तो इसे और सुंदर बना लें। इसके लिए आप बालियों में क्रिस्टल, मोती या पंख लगा सकती हैं।
हालांकि, डिजाइन को कस्टमाइज करना आपके ही हाथ में होगा।