LOADING...
कांच की चीजों से जिद्दी दाग साफ करने के लिए अपनाएं ये तरीके
कांच की चीजों को साफ करने के तरीके

कांच की चीजों से जिद्दी दाग साफ करने के लिए अपनाएं ये तरीके

लेखन अंजली
Aug 17, 2021
11:55 pm

क्या है खबर?

घर की कई चीजों को कांच से सजाया जाता है, लेकिन ऐसी चीजों को कई तरह के दागों का सामना करना पड़ जाता है। फिर चाहें बात लिविंग रूम में रखी कांच की टेबल की हो या फिर बेडरूम में रखी ड्रेसिंग टेबल के शीशे की। हालांकि, इन तरह के दाग को हटाना उतना चुनौतीपूर्ण नहीं है, जितना कि आमतौर पर माना जाता है। आइए आज हम आपको कांच की चीजों से जिद्दी दाग साफ करने के तरीके बताते हैं।

#1

बेकिंग सोडा का करें इस्तेमाल

कांच की चीजों से जिद्दी दाग हटाने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए पहले एक हल्के गीले स्‍पंज पर थोड़ा बेकिंग सोडा डालकर इससे कांच की चीजों को रगड़ें। खासतौर पर जहां दाग लगे हैं वहां स्‍पंज को अच्छे से रगड़े। इसके बाद एक सूखे कपड़े से कांच की चीजों को पोछ दें। ध्यान रखें कि पानी से कांच की चीजें साफ न करें क्‍योंकि इससे उन पर पानी की दाग रह जाते हैं।

#2

सफेद सिरका आएगा काम

कांच की चीजों पर लगे जिद्दी दागों को साफ करने के लिए सफेद सिरका भी काफी काम आ सकता है। दागों को साफ करने के लिए बस एक कटोरी में बराबर मात्रा में सफेद सिरके के साथ पानी मिलाएं और फिर तैयार मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भरें। इसके बाद कांच की चीजों के दाग पर सफेद सिरके के मिश्रण का छिड़काव करें। अंत में एक कपड़े से कांच की चीजों को पोंछकर साफ करें।

#3

शेविंग क्रीम भी है प्रभावी

आप चाहें तो कांच की टेबल, ड्रेसिंग टेबल और बाथरूम के शीशे जैसी कांच की चीजों से दाग साफ करने के लिए शेविंग क्रीम का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके लिए कांच की चीजों पर शेविंग क्रीम को अच्छे से लगाकर उन पर अल्कोहल युक्त क्लीनर का छिड़काव करें और फिर उन्हें किसी नरम कपड़े से पोंछ दें। ऐसा करने से घर में मौजूद कांच की चीजें बिल्कुल साफ हो जाएंगी।

#4

अखबार भी है कारगर

घर में मौजूद कांच की चीजों पर लगे जिद्दी दागों को कुछ ही मिनट में साफ करने के लिए अखबार का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। कांच की चीजों से जिद्दी दागों को साफ करने के लिए सूखे अखबारों का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर ठंडे पानी में अखबार को भिगोकर उससे कांच की चीजों को पोंछ सकते हैं। यकीन मानिए यह भी एक आसान और प्रभावी तरीका है।