क्या आपने कभी खाया है बेसन का धोखा? अगर नहीं तो घर पर ऐसे करें तैयार
क्या है खबर?
शायद कई लोगों को इस पुरानी कहावत के बारे में जरूर पता होगा, "अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता"। मगर, उसी चने की संतान बेसन अकेले कितने गुल खिलाता है, इसकी हम आसानी से कल्पना भी नहीं कर सकते, क्योंकि कई भारतीय व्यंजनों में इसका ही बोलबोला है।
इसलिए आज हम आपको बेसन से बनने वाली डिश की रेसिपी बनाते जा रहे हैं, जिसका नाम है 'बेसन का धोखा'।
लोट-पोट मत होइए...इस डिश को घर पर बनाकर जायका लें।
सामग्रियां
बेसन का धोखा बनाने के लिए इन चीजों की पड़ेगी आवश्यकता
जायकेदार बेसन का धोखा बनाने के लिए आवश्यक सामग्रियां जो इस प्रकार हैं:
1) 200 ग्राम बेसन।
2) दो प्याज (पिसे हुए)।
3) एक टमाटर और हरी मिर्च (बारिक कटे हुए)।
4) पांच लहसुन की कलियां (पिसी हुई)।
5) एक छोटा टुकड़ा अदरक (पिसा हुआ)।
6) एक चुटकी हींग और सूखा आंवला।
7) आधा चम्मच पिसी खटाई, धनिया पाउडर, गरम मसाला, हल्दी पाउडर।
8) तीन बड़े चम्मच सरसों का तेल।
9) नमक (स्वादानुसार)
10) धनिये की पत्तियां (बारिक कटी हुई)।
स्टेप-1
बेसन का धोखा बनाने की विधि (स्टेप-1)
इस डिश को बनाने के लिए सबसे पहले बेसन में पिसा आंवला, नमक और चार बूंद तेल डालकर आटे की तरह गूंथकर अलग रख दें।
फिर गैस पर आधा भगौना पानी रख दें और उसमें दो बूंद तेल की डाल दें।
इसके बाद पानी जब खौलने लगे, तब गूंथे हुए बेसन के छोटे-छोटे गोले बनाकर उसमें डाल दें।
जब गोले पानी के ऊपर आ जाएं, तब इन्हें बाहर निकालकर ठंडा कर टुकड़ों में काट लें।
स्टेप-2
बेसन का धोखा बनाने की विधि (स्टेप-2)
अब गैस पर कड़ाही रखें और उसमें तेल डालकर गरम करें। फिर इसमें प्याज, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट डालकर भून लें।
इसके बाद पिसी हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाले को आधा मिनट भून लें। अब टमाटर, पिसी खटाई और नमक डालकर अच्छे से चलाएं।
जब मिश्रण तेल छोड़ दे तो इसमें बेसन के कटे हुए टुकड़ों को डालकर आधा मिनट तक पकाएं। फिर गर्मागर्म डिश को धनिये की पत्तियों से गार्निश करके चटनी के साथ परोसें।