पेबल आर्ट के जरिए आप कर सकते हैं घर की सजावट, जानिए इसका सही तरीका
क्या है खबर?
हम सभी के बगीचे में कई कंकड़-पत्थर जमा हो जाते, जिन्हें कचरा समझकर फेंक दिया जाता है।
हालांकि, ये कला प्रेमियों के लिए नायाब खजाने के बराबर होते हैं, जिनकी मदद से पेबल आर्ट की जा सकती है। इसमें चिकने और सपाट कंकड़ों को पैटर्न या चित्र बनाने के लिए व्यवस्थित ढंग से रखा जाता है।
इस कला के जरिए आप अपने घर की सजावट कर सकेंगे और अनोखी कलाकृतियां तैयार कर सकेंगे। आइए इसे बनाने का तरीका जानते हैं।
सामान
पेबल आर्ट बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
पेबल आर्ट का नाम सुनकर तो आप समझ ही गए होंगे कि इसके लिए आपको अलग-अलग आकार और रंगों वाले पत्थर व कंकड़ चाहिए होंगे।
हालांकि, इनके अलावा भी आपको कुछ सामग्री की जरूरत पड़ेगी। इस आर्ट को घर में लगाने के लिए आपको एक अच्छी गुणवत्ता वाला फोटोफ्रेम चाहिए होगा।
साथ ही आपको सफेद रंग के मोटे काजग, ग्लू यानि गोंद, पेड़ों की छोटी-बड़ी टहनियों और रंग-बिरंगे नगों की भी जरूरत पड़ेगी।
स्टेप 1
कंकड़ों को साफ करें और फ्रेम तैयार करें
पेबल आर्ट बनाने की शुरुआत हमेशा अलग-अलग आकार के कंकड़-पत्थर जमा करने से होती है।
इसके बाद उन सभी को अच्छी तरह साफ किया जाता है, ताकि सारी गंदगी निकल जाए और आपका चित्र साफ-सुथरा दिखाई दे।
इसके लिए आप उन्हें साबुन के पानी में भिगोकर रख सकते हैं। जब तक आपके कंकड़-पत्थर साफ हो रहे हों तब तक फ्रेम का कांच निकालकर अलग रख दें और उसे भी साफ कर लें।
स्टेप 2
कंकड़-पत्थरों का उपयोग करके सुंदर चित्र बनाएं
अपने फ्रेम के ऊपर सफेद रंग वाला कागज लगा दें, जो कि बैकग्राउंड की तरह काम करेगा। अब एक अन्य कागज लें और उसपर कंकड़ों की मदद से अपनी पसंद के चित्र को रूप देना शुरू करें।
सभी कंकड़ों को व्यवस्थित तरीके से कागज पर लगाते जाएं और सभी सामग्रियों का प्रयोग करके एक सुंदर चित्र बना लें।
उदाहरण के लिए, आप पत्थरों की मदद से छोटे-छोटे लोग बना सकते हैं, जो लकड़ी की टहनी पर एक साथ बैठे हैं।
स्टेप 3
सभी चीजों को चिपकाएं और फ्रेम करें
एक बार जब आप चित्र से संतुष्ट हो जाएं तब उसे फ्रेम में लगे कागज पर बना लें। ग्लू की मदद से सभी चीजों को उनकी सही जगह पर चिपकाएं, ताकि वे हिलने पर गिरें न।
अपनी कलाकृति को हवादार जगह पर रख दें और रातभर सूख जाने दें। सुबह उठकर फ्रेम का कांच वापस लगा दें और इस कलाकृति को अपने कमरे की दीवार पर टांग दें।
आप इस कला के जरिए विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां बना सकते हैं।