Page Loader
पहले प्यार देना शुरू करें, फिर आपको भी ज्यादा मिलेगा- अध्ययन

पहले प्यार देना शुरू करें, फिर आपको भी ज्यादा मिलेगा- अध्ययन

लेखन सयाली
Jul 05, 2025
01:23 pm

क्या है खबर?

सभी मनुष्यों को प्यार चाहिए होता है, फिर चाहे वह माता-पिता का हो, भाई-बहन का हो, दोस्तों का हो या पार्टनर का हो। कई लोग सोचते हैं कि उम्मीद लगाने से उन्हें प्यार मिल जाएगा। हालांकि, ऐसा असल जिंदगी में नहीं होता है। दरअसल, प्यार पाने के लिए ढेरों प्रयास करने पड़ते हैं और पहले खुद प्यार देना सीखना पड़ता है। एक नए अध्ययन में कहा गया है कि प्यार चाहने वाले लोगों को पहले प्यार देना शुरू करना चाहिए।

अध्ययन

प्यार पाने के लिए प्यार जताना जरूरी

पेन स्टेट के वैज्ञानिकों के नेतृत्व में इस अध्ययन को पूरा किया गया था और यह PLOS ONE नामक पत्रिका में प्रकाशित हुआ था। इसमें कहा गया कि अगर आप अपने दैनिक जीवन में ज्यादा प्रेम महसूस करना चाहते हैं, तो पहले दूसरों को प्यार जताना शुरू करें। आप ऐसा करने के लिए अपने प्रियजनों के साथ समय बिता सकते हैं, उनकी मदद कर सकते हैं, उनकी छोटी-छोटी चीजों का ख्याल रख सकते हैं या उनका सहारा बन सकते हैं।

प्रक्रिया

52 लोग बने थे इस अध्ययन का हिस्सा

अध्ययन को पूरा करने के लिए 4 हफ्तों तक शोधकर्ताओं ने 52 वयस्कों के दैनिक जीवन पर नजर रखी। सभी से रोजाना 6 बार पूछा गया कि उन्हें कितना प्यार महसूस हुआ और उन्होंने कितना प्यार व्यक्त किया। गणितीय मॉडलिंग का उपयोग करते हुए शोधकर्ताओं ने 'प्यार की गतिशीलता' का पता लगाया। इससे सामने आया कि प्यार देना और प्राप्त करना कैसे समय के साथ लोगों को प्रभावित करता है।

प्रतिभागी

अध्ययन के दौरान सभी रिश्तों को दी गई प्राथमिकता

प्रतिभागियों में अधिकतर महिलाएं (67 प्रतिशत) और यूरोपियन (80 प्रतिशत) शामिल थे, जिनकी आयु 19 से 65 वर्ष के बीच थी। उनकी औसत आयु लगभग 30 साल थी, जिनमें से अधिकांश लोग रिश्तों में थे। हालांकि, इस अध्ययन में प्रेम के सभी रूपों को ध्यान में रखा गया था। इसमें रोमांटिक, पारिवारिक, मित्रता और यहां तक ​​कि अजनबियों के साथ संक्षिप्त संबंध को भी जांचा गया था। सभी दिनभर में प्यार जताने के निरंतर प्रयास करते थे।

नतीजे

क्या रहे इस अध्ययन के नतीजे?

प्रतिभागियों ने बताया कि जब उन्होंने ज्यादा प्यार का इजहार किया, तो उन्हें अगले कुछ घंटों तक लगातार प्यार महसूस होता रहा। प्रेम व्यक्त करने के 3 घंटे बाद इसका असर सबसे ज्यादा दिखा, फिर धीरे-धीरे वह कम होता गया। हालांकि, जब लोगों को प्यार महसूस हुआ, तो बाद में वे उनकी दूसरों को प्यार व्यक्त करने की इच्छा नहीं हुई। डाटा से सामने आया कि प्यार महसूस करने के क्षणों के बाद प्यार व्यक्त करने में थोड़ी कमी आई।

प्यार

प्यार महसूस करने से बढ़ सकती है समृद्धि

अध्ययन से यह भी पता चला कि प्यार किए जाने की भावनाएं स्थायी होती हैं। प्रशंसा और कृतज्ञता की भावनाएं आती-जाती रहती हैं, लेकिन प्यार महसूस करने की अनुभूति घंटों तक बनी रह सकती है। शोधकर्ताओं ने बताया कि प्यार जताने के बाद कुछ लोगों को 8 घंटे तक प्यार महसूस होता रहा। जिन प्रतिभागियों ने प्रेम की अधिक स्थायी भावना का अनुभव किया, उनके जीवन में समृद्धि भी बढ़ने लगी।