
सफेद कपड़ों की चमक बरकरार रखना चाहते हैं तो इन गलतियों पर लगाएं पूर्ण विराम
क्या है खबर?
कई लोग सफेद रंग के कपड़े पहनने के शौकीन होते हैं क्योंकि यह रंग व्यक्ति को हल्का महसूस कराने समेत प्रेजेंटेबल लुक भी देता है। लेकिन जब बात सफेद रंग के कपड़ों को धोने की आती है तो इन पर लगे दाग-धब्बों या पीलेपन को साफ करने में बेहद मेहनत करनी पड़ती है।
इस कारण कई लोग इन्हें धोते समय गलतियां कर बैठते हैं जिससे कपड़े का लुक पूरा बिगड़ जाता है। आइये उन गलतियों के बारे में जानते हैं।
#1
रंगीन कपड़ों के साथ सफेद कपड़ों को बिल्कुल भी न धोएं
आमतौर पर घरों में वॉशिंग मशीन में जब कपड़े धुलते हैं तो हर तरह के कपड़ों को एक साथ मशीन में डाल दिया जाता है। कई रंगीन कपड़े धुलते वक्त रंग जरूर छोड़ते हैं जिससे मशीन में मौजूद सफेद कपड़ों पर वे रंग लग सकते हैं।
इसलिए सफेद रंग के कपड़ों को हमेशा अलग धोएं। इसके अलावा उन्हें पहले इस्तेमाल किए हुए जा चुके डिटर्जेंट के घोल से न धोएं।
#2
कपड़े के दाग-धब्बों को ज्यादा रगड़ने से बचें
अक्सर सफेद रंग के कपड़ों पर कोई न कोई दाग लग जाता है तो उसे ज्यादा रगड़कर साफ करने के बजाय प्राकृतिक तरीके से साफ करने की कोशिश करें।
दरअसल, ज्यादा रगड़ने के वजह से दाग बेशक हल्का हो जाएगा, लेकिन कपड़े के धागे कमजोर हो जाएंगे जिससे वह जल्दी फट भी सकता है।
प्राकृतिक तौर पर सफेद कपड़ों से दाग हटाने के लिए आप नींबू या विनेगर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
#3
सीमित मात्रा में फैब्रिक व्हाइटनर या डिटर्जेंट का इस्तेमाल है सही
अक्सर कपड़ों में ज्यादा सफेदी लाने की कोशिश में लोग ज्यादा फैब्रिक व्हाइटनर का इस्तेमाल करने लगते हैं। इससे सफेद रंग के कपड़ों पर व्हाइटनर का नीला रंग डॉमिनेट करने लगता है और सफेदी की जगह उनमें नीलापन झलकने लगता है।
इसलिए फैब्रिक व्हाइटनर का दो-तीन बूंदों से ज्यादा इस्तेमाल न करें। इसी तरह ज्यादा डिटर्जेंट का इस्तेमाल करने से भी सफेद कपड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए उसका इस्तेमाल भी सीमित मात्रा में करें।
#4
बेहद तेज धूप में न सुखाएं कपड़े
कई लोग कपड़ों को धोने के बाद धूप में सुखा देते हैं। ऐसा करने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन ज्यादा देर तक कपड़ों को तेज धूप में सुखाने से उनके रंग और चमक दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
इसी तरह अगर आप तेज धूप में सफेद कपड़ों को सुखाने के लिए छोड़ देते हैं तो वे भी बहुत जल्दी पीले पड़ सकते हैं। इसलिए कपड़े चाहें रंगीन हो या सफेद उन्हें हल्की धूप या छांव में सुखाएं।