Page Loader
मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स से जुड़े इन भ्रमों को सही मानते हैं लोग, जानिए इनकी सच्चाई
मल्टीविटामिन सप्लीमेंट से जुड़े भ्रम और उनकी सच्चाई

मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स से जुड़े इन भ्रमों को सही मानते हैं लोग, जानिए इनकी सच्चाई

लेखन अंजली
Jul 06, 2021
07:00 pm

क्या है खबर?

डॉक्टर मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स का सेवन करने की सलाह तब देते हैं, जब व्यक्ति के शरीर में पोषण की कमी होती है, लेकिन कई लोग गलत धारणों और भ्रमों पर विश्वास करके इनका सेवन करना शुरू कर देते हैं। ऐसा करने पर मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स का सेवन लोगों के स्वास्थ्य को फायदा कम और नुकसान ज्यादा पहुंचाने लगता है। आइए आज आपको मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स से जुड़े कुछ भ्रमों और उनकी हकीकत से रूबरू कराते हैं।

#1

भ्रम- मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स प्राकृतिक भोजन की जगह ले सकते हैं

यह सिर्फ एक भ्रम है कि मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स प्राकृतिक भोजन की जगह ले सकते हैं। भले ही आप कितनी भी अच्छी गुणवत्ता वाले मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स का सेवन करें, वे आपके भोजन की जगह नहीं ले सकते। वास्तव में शरीर को स्वस्थ बनाए रखने क लिए संतुलित भोजन का सेवन काफी फायदेमंद होता है। इसलिए कभी भी खुद से मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स लेना शुरू न करें। हमेशा डॉक्टर की सलाह पर और उनके द्वारा निर्धारित की गई मात्रा में ही मल्टीविटामिन लें।

#2

भ्रम- मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स का सेवन आपको काफी तेजी से स्वस्थ बना सकता है

कई लोग इस बात को सच मानते हैं कि मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स का सेवन आपको काफी तेजी से स्वस्थ बना सकता है, जबकि यह सिर्फ एक भ्रम है। आपको यह समझना होगा कि मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स कोई जादू की गोली नहीं हैं और ये आपको रातों-रात स्वस्थ नहीं बना सकते। दुनिया में ऐसा कुछ भी नहीं है जो एक दिन में आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत कर सके। इसके लिए आपको एक हेल्दी रूटीन को फॉलो करना होगा।

#3

भ्रम- जितने अधिक मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स लेंगे, उतना ही अधिक फायदा होगा

यह सबसे आम भ्रम है कि जितना अधिक मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स का सेवन किया जाएगा, उतना ही अधिक आपको फायदा होगा, जबकि ऐसा नहीं है। अति हर चीज की बुरी होती है। शरीर को हर पोषक तत्व की एक निश्चित मात्रा में आवश्यकता होती है, ऐसे में किसी भी विटामिन का बहुत अधिक सेवन शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए कभी भी खुद से मल्टीविटामिन लेना शुरू न करें।

#4

भ्रम- मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती

मल्टीविटामिन सप्लीमेंट्स से जुड़ा एक भ्रम यह भी है कि इनकी कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। अन्य सभी गोलियों की तरह मल्टीविटामिन की भी एक्सपायरी डेट या बेस्ट बिफॉर डेट होती है। एक निर्धारित समय में इनका सेवन करने पर ही आपको इससे फायदे मिल सकते हैं, इसलिए किसी भी तरह के सप्लीमेंट की गोलियां खरीदने या लेने से पहले लेबल को एक बार अवश्य पढ़ें।