खरबूजे से बनाकर खाएं ये 5 स्वादिष्ट व्यंजन, गर्मी में देंगे ताजगी और बेहतरीन स्वाद
क्या है खबर?
खरबूजा गर्मी का एक बेहतरीन फल है, जो हाइड्रेशन के साथ-साथ कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। इसमें विटामिन-A, विटामिन-C, पोटेशियम और फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो शरीर को ताजगी और ऊर्जा प्रदान करते हैं। आमतौर पर खरबूजे का सेवन सलाद या जूस के रूप में किया जाता है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि इससे कई स्वादिष्ट व्यंजन भी बनाए जा सकते हैं? आइए खरबूजे से बनाए जाने वाले व्यंजनों की रेसिपी जानते हैं।
#1
खरबूजे की खीर
खरबूजे की खीर एक अलग और स्वादिष्ट मीठा व्यंजन है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले दूध को उबालें और उसमें कद्दूकस किया हुआ खरबूजा डालें। इसके बाद इसमें चीनी, इलायची पाउडर और सूखे मेवे डालकर पकाएं, जब तक कि दूध गाढ़ा न हो जाए। यह खीर खास मौकों पर बनाई जा सकती है और इसका स्वाद सभी को पसंद आएगा। इसे ठंडा-गर्म, दोनों तरह से परोसा जा सकता है।
#2
खरबूजे का रायता
खरबूजे का रायता एक ताजगी भरा व्यंजन है, जो खाने के साथ बहुत अच्छा लगता है। इसे बनाने के लिए दही को फेंट लें और उसमें कटे हुए खरबूजे के टुकड़े, भुना जीरा पाउडर, नमक और थोड़ी-सी चीनी मिलाएं। यह रायता खाने के साथ एक बेहतरीन संगत है और गर्मियों में विशेष रूप से पसंद किया जाता है। इसका स्वाद और ताजगी हर किसी को भाती है, जिससे यह एक आदर्श साइड डिश बनता है।
#3
खरबूज के कबाब
खरबूज के कबाब एक अलग तरह का स्नैक है, जिसे आप किसी भी पार्टी या खास मौके पर बना सकते हैं। इसके लिए पहले खरबूजे को मैश करें और उसमें आलू, बेसन, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक और मसाले मिलाकर कबाब तैयार करें। फिर इन कबाबों को तवे पर सेंकें या तेल में तलें। यह कबाब कुरकुरे और स्वादिष्ट होते हैं, जो आपकी किसी भी पार्टी का मजा बढ़ा देंगे।
#4
खरबूज का शरबत
गर्मियों में ठंडा-ठंडा शरबत पीना किसे पसंद नहीं होता? खरबूज का शरबत एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है, जिसमें आप ताजगी और पोषण पा सकते हैं। इसे बनाने के लिए पके हुए खरबूजे को ब्लेंड करें और उसमें नींबू का रस, चीनी या शहद मिलाएं। इस मिश्रण को ठंडे पानी में घोलकर परोसें। यह शरबत न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि आपके शरीर को हाइड्रेटेड रखने में भी मदद करता है।
#5
खरबूज की चटनी
अगर आप अपने खाने में कुछ नया और अलग आजमाना चाहते हैं तो खरबूज की चटनी जरूर बनाएं। इसके लिए पके हुए खरबूजे को मिक्सी में पीस लें। अब उसमें हरी धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, नमक और इमली का रस आदि मिलाकर अच्छी तरह पीस लें। यह चटनी स्नैक्स या किसी भी प्रकार के भोजन के साथ खाई जा सकती है। यह आपके खाने को एक नया स्वाद दे सकती है।