अपने पसंदीदा गाने सुनने से कम हो जाता है इंजेक्शन लगने का दर्द, अध्ययन में खुलासा
क्या है खबर?
कई लोग इंजेक्शन से डरते हैं, क्योंकि उन्हें सुई चुभते वक्त दर्द महसूस होता है। हालांकि, कुछ शोधकर्ताओं ने इस दर्द को कम करने का एक आसान तरीका खोज निकाला है। दरअसल, नए अध्ययन में खुलासा हुआ है कि अपने पसंदीदा गाने सुनने से इंजेक्शन लगने पर होने वाले दर्द को कम किया जा सकता है। आइए इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जान लेते हैं, ताकि अगली बार आप भी इस तरीके से दर्द को कम कर सकें।।
अध्ययन
204 मरीज बने थे अध्ययन का हिस्सा
इस अध्ययन में 17 से 83 साल की उम्र के कुल 204 मरीज शामिल हुए थे। उनके तय MRI टेस्ट के क्रम के आधार पर, उन्हें 4 समूहों में बांटा गया था, जो मोजार्ट, पसंदीदा संगीत, आराम देने वाला संगीत और बिना संगीत वाला कंट्रोल ग्रुप थे।
इंजेक्शन लगने से पहले बेसलाइन पर, लगने के ठीक बाद और लगने के 30 सेकंड और 2 मिनट बाद 'विजुअल एनालॉग स्केल' का इस्तेमाल करके दर्द का आकलन किया गया था।
नतीजे
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
शोधकर्ताओं ने बाद में दर्द में होने वाले बदलावों की तुलना करते समय प्रतिभागियों के शुरुआती दर्द के स्कोर को ध्यान में रखा। 204 लोगों में से 71 ने इंजेक्शन लगने पर दर्द की शिकायत की।
इन मरीजों में से 15 को मोजार्ट, 20 को पसंदीदा संगीत, 17 को आराम देने वाले संगीत और 19 को कंट्रोल ग्रुप में रखा गया था। इस विश्लेषण में आरामदायक संगीत सुनने वालों के दर्द में सबसे कम बदलाव देखा गया।
परिणाम
किस समूह के मरीजों को हुआ सबसे कम दर्द?
विजुअल एनालॉग स्केल स्कोर के विश्लेषण से पता चला कि इंजेक्शन लगने के 30 सेकंड और 2 मिनट बाद, पसंदीदा संगीत वाले समूह के लोगों ने अन्य की तुलना में कम दर्द महसूस किया।
शुरुआत में दर्द महसूस करने वाले मरीजों के विश्लेषण में कंट्रोल ग्रुप के मुकाबले सिर्फ पसंदीदा संगीत वाले समूह के लोगों ने ही इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद काफी कम दर्द महसूस होने की बात कही थी।
कारण
संगीत कैसे कम कर देता है दर्द?
इस अध्ययन से यह भी पता चलता है कि दर्द पर संगीत का असर समय के साथ बढ़ सकता है।
शोधकर्ताओं का मानना है कि दिमाग में भावनात्मक प्रक्रिया और शरीर के दर्द को रोकने वाली प्राकृतिक प्रणाली इसमें भूमिका निभा सकती हैं, लेकिन उन्होंने इन प्रणाली को सीधे तौर पर मापा नहीं।
संगीत के साथ तालमेल बिठाने और ध्यान भटकने में लगने वाला समय भी दर्द कम महसूस होने का कारण हो सकता है।