Page Loader
जानिए क्यों महत्वपूर्ण है सोडियम और इसके लिए किन खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए

जानिए क्यों महत्वपूर्ण है सोडियम और इसके लिए किन खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए

लेखन अंजली
May 11, 2021
07:09 pm

क्या है खबर?

सोडियम एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है। यह ब्लड प्रेशर और ब्लड वॉल्यूम को नियंत्रित रखने का कार्य करता है। इसके अलावा यह मांसपेशियों और तंत्रिकाओं को सही तरह से काम करने में भी मदद करता है। इसके साथ ही सोडियम शरीर में तरल पदार्थों के सही संतुलन को बनाए रखने में भी मदद करता है। इसी कारण सोडियम हमारे शरीर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आइए जानते हैं कि सोडियम पाने के लिए किन खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए।

#1

अचार

अगर आपके शरीर में सोडियम की कमी है और डॉक्टर ने आपको अपनी डाइट में इससे युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने का सुझाव दिया है तो इसके लिए अचार एक बेहतरीन विकल्प है। अगर अचार का सेवन संतुलित मात्रा में किया जाए तो यह स्वाद के साथ-साथ शरीर को सीमित मात्रा में सोडियम देने में मदद कर सकता है। बात दें कि 100 ग्राम अचार के सेवन से लगभग 893 मिलीग्राम सोडियम मिल सकता है।

#2

प्रोसेस्ड चीज़

प्रोसेस्ड चीज़ भी सोडियम का एक बेहतरीन स्त्रोत है। इसमें सोडियम के साथ-साथ अन्य ऐसे पोषक तत्व भी होते हैं जो स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं। सबसे अच्छी बात तो यह है कि प्रोसेस्ड चीज़ आसानी से पच जाता है क्योंकि इसमें प्रोटीन, लिपिड, कैल्शियम प्रीबायोटिक और प्रोबायोटिक होते हैं और यह लैक्टोज फ्री भी होता है। डाइट में 100 ग्राम प्रोसेस्ड चीज़ शामिल करने से सोडियम की लगभग 1,362 मिलीग्राम मात्रा पाई जा सकती है।

#3

सोया सॉस

सोडियम की कमी को दूर करने के लिए सोया सॉस को भी डाइट में शामिल किया जा सकता है। यह गैस्ट्रिक रस स्राव को बढ़ाता है जिससे पाचन की कार्यक्षमता में सुधार होता है। इसके अतिरिक्त इसमें एंटी-माइक्रोबियल गुण भी पाए जाते हैं जो कई तरह के कीटाणुओं से शरीर को बचा सकता है। बता दें कि 100 ग्राम सोया सॉस में लगभग 5,493 मिलीग्राम सोडियम होता है।

#4

टेबल सॉल्ट

टेबल सॉल्ट का सेवन भी शरीर में सोडियम की कमी को दूर करने में काफी मदद कर सकता है। इसका मुख्य कारण यह है कि इसमें सोडियम आयोडाइड, सोडियम आयोडेट और पोटैशियम आयोडाइड जैसे जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। हालांकि डाइट में टेबल सॉल्ट को सीमित मात्रा में ही शामिल करें क्योंकि इसकी अधिक मात्रा स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकती है। बता दें कि 100 ग्राम टेबल साल्ट में लगभग 39,333 मिलीग्राम सोडियम पाया जाता है।