Page Loader
इडली के साथ एक हेल्दी एक्सपेरिमेंट करके घर पर बनाएं इडली बर्गर, बच्चे हो जाएंगे खुश

इडली के साथ एक हेल्दी एक्सपेरिमेंट करके घर पर बनाएं इडली बर्गर, बच्चे हो जाएंगे खुश

लेखन अंजली
Feb 11, 2020
04:19 pm

क्या है खबर?

बच्चों को फास्ट फूड बहुत पसंद होता है। उनसे जब भी पूछा जाए कि क्या खाना है तो वे किसी फास्ट फूड का ही नाम लेते हैं, जो उनकी हेल्थ के लिए नुकसानदेह है। मगर, आज हम एक व्यंजन में थोड़ा अलग स्वाद का तड़का देकर एक नई रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं। इस तरह का हेल्दी एक्सपेरिमेंट बच्चों को खुश और स्वस्थ दोनों एक साथ रख सकता है। आइए इडली बर्गर रेसिपी के बारे में जानें।

सामग्रियां

स्वादिष्ट इडली बर्गर बनाने के लिए इन चीजों की है जरूरत

इडली बर्गर बनाने के लिए आवश्यक सामग्रियां जो इस प्रकार हैं: 1) छह इडली। 2) चार चम्मच पुदीने की चटनी। 3) दो टमाटर और प्याज (गोल कटे हुए)। 4) तेल (आवश्यकतानुसार)। 5) दो कप कटी हुई सब्जियां (मटर, गाजर और आलू)। 6) एक चम्मच मैदा। 7) एक चुटकी हल्दी। 8) आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला पाउडर। 9) आधा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट। 10) थोड़े से हरे धनिये के पत्ते (बारीक कटे हुए)। 11) नमक (स्वादानुसार)।

स्टेप-1

इडली बर्गर बनाने का तरीका (स्टेप-1)

सबसे पहले गैस ऑन करके उस पर एक पैन रखें। फिर उसमें थोड़ा तेल डालकर एक साइड से इडली को गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राई कर एक प्लेट में निकाल लें। ध्यान रहे कि इडली बाहर से क्रिस्पी और अंदर से नरम हो। अब एक बर्तन में पानी डालकर उसमें कटी हुई सब्जियों को उबाल लें। फिर पानी निकालकर उन सब्जियों को एक बाउल में रखकर ठंडा होने दें। इसके बाद बाउल में सभी मसाले डालकर अच्छे से मिक्स करें।

स्टेप-2

इडली बर्गर बनाने का तरीका (स्टेप-2)

अब सब्जियों के मिश्रण में मैदा, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। फिर तैयार मिश्रण से इडली के साइज की टिक्कियां बनाएं। इसके बाद गैस ऑन करके उस पर पैन रखें और उस पर तेल फैलाकर टिक्कियों को गोल्डन ब्राउन होने तक शैलो फ्राई कर एक प्लेट में निकाल लें। अब इडली की नॉन फ्राई सतह पर चटनी लगाकर बीच में टिक्की के साथ टमाटर और प्याज के स्लाइस लगाकर गर्मा-गर्म मीठी और तीखी चटनी के साथ परोसें।