LOADING...
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: अपने जीवन में महत्व रखने वाली महिलाओं को दें ये खास तोहफे

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: अपने जीवन में महत्व रखने वाली महिलाओं को दें ये खास तोहफे

लेखन सयाली
Mar 03, 2025
01:48 pm

क्या है खबर?

8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाएगा, जो महिलाओं को समर्पित होता है। इस दिन सभी महिलाएं मिलकर जश्न मनाती हैं और एक दूसरे को प्रोत्साहित करने का प्रयास करती हैं। आप इस खास मौके पर अपने जीवन में अहमियत रखने वाली महिलाओं को प्यार जताने के लिए तोहफे दे सकते हैं। तोहफे देकर उन्हें धन्यवाद कहें और उनकी प्रशंसा करें। आप अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मां, बहन, दोस्त या गर्लफ्रेंड आदि को ये तोहफे दे सकते हैं।

#1

मसाजर

महिलाएं घर और बाहर के कामों को संभालती हैं, जिस कारण उनके शरीर में दर्द होना लाजमी है। ऐसे में आप उन्हें मसाजर भेंट करने पर विचार कर सकते हैं। बाजार में कई तरह के मसाजर उपलब्ध रहते हैं, जो बिजली या बैटरी से चलते हैं। इनसे वाइब्रेशन उत्पन्न होता है, जिसके जरिए शरीर की मालिश होती है। अगर आपका बजट ज्यादा है तो आप मसाज वाली कुर्सी भेंट कर सकते हैं, जिससे पूरे शरीर को आराम मिल जाता है।

#2

मेकअप किट

महिलाओं को देने लायक तोहफों की सूची में मेकअप जरूर शामिल होता है। आप अपनी मां, बहन, बेटी, दोस्त और गर्लफ्रेंड के लिए मेकअप किट तैयार करवा सकते हैं। सबसे पहले सुंदर-से मेकअप बॉक्स खरीदें और उनमें फाउंडेशन, लिपस्टिक, ब्लश, मस्कारा, आई लाइनर और काजल जैसे मेकअप उत्पाद रखें। सभी महिलाओं की रंगत और पसंद के अनुसार ही मेकअप उत्पाद चुनें। इससे उन्हें एहसास होगा कि आप उनकी व्यक्तिगत पसंद का ख्याल रखते हैं।

#3

मिनी ब्लेंडर 

इन दिनों ज्यादातर महिलाएं अपनी सेहत को लेकर जागरूक हो रही हैं और पौष्टिक डाइट का पालन करना पसंद कर रही हैं। इस तरह की डाइट में शेक, स्मूदी और जूस जरूर शामिल होते हैं। आप इस खास मौके पर अपने जीवन में महत्व रखने वाली महिलाओं को हैंड ब्लेंडर भेंट कर सकते हैं। यह एक बोतल जैसा दिखने वाला शेकर होता है, जो बैटरी से चलता है। इससे मिनटों में ताजा जूस और शेक आदि बनाया जा सकता है।

#4

पोलरॉइड कैमरा

तस्वीरें खींचना हर महिला को पसंद होता है, फिर चाहे वे किसी भी उम्र की क्यों न हों। आप अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर खास महिलाओं को पोलरॉइड कैमरा दे सकते हैं। यह एक छोटा कैमरा होता है, जिससे खींची गई तस्वीरें तुरंत प्रिंट हो जाती हैं। इस कैमरे के साथ पोलरॉइड फिल्म देना न भूलें, जिसपर तस्वीरें प्रिंट होती हैं। छोटे आकार के कारण इसे कैरी करना आसान होता है और इससे विंटेज तस्वीरें खींच जाती हैं।

#5

पर्सनलाइज्ड तोहफे

अगर आप अपने जीवन में एहमियत रखने वाली हर महिला को खास तोहफा देना चाहते हैं तो सभी के लिए पर्सनलाइज्ड तोहफे बनवाएं। आप फोटो फ्रेम, कीरिंग, टी-शर्ट, कप या तकिया पर उनकी तस्वीरें प्रिंट करवा सकते हैं। इसके अलावा, आप सभी महिलाओं को उनकी पसंद के स्नैक्स, पेय, मिठाइयां और चॉकलेट भी दे सकते हैं। हाथों से बनाए गए फूल, तोहफे और पत्र भी सभी महिलाओं को अच्छे लगते हैं।