Page Loader
इस वीकेंड घर पर झटपट बनाएं मैंगो सुशी, बच्चों से लेकर बड़ों तक को आएगी पसंद

इस वीकेंड घर पर झटपट बनाएं मैंगो सुशी, बच्चों से लेकर बड़ों तक को आएगी पसंद

लेखन अंजली
Jun 21, 2020
03:30 pm

क्या है खबर?

हम सभी ने सुशी के बारे में सुना है जो एक प्रकार की मशहूर जापानी डिश है और यह वेज और नॉनवेज दोनों ही वेराइटी में बनाई जाती है। आज हम आपको वेजीटेरियन सुशी यानि मैंगो सुशी बनाना सिखाएंगे। इसे बनाने का तरीका जानकर आप भी आसानी से घर पर मैंगो सुशी बना सकते हैं। इसे आप खुशियों के छोटे-छोटे अवसरों समेत पिकनिक या जन्मदिन जैसे अवसरों पर भी बना सकते हैं। चलिए जानते हैं मैंगो सुशी की रेसिपी।

सामग्रियां

स्वादिष्ट मैंगो सुशी बनाने के लिए आपको इन चीजों की होगी जरूरत

मैंगो सुशी की बाहरी परत तैयार करने के लिए आपको आधा कप चावल (रातभर भिगोए हुए), दो कप दूध, आठ बड़े चम्मच चीनी और तीन बड़े चम्मच पानी की आवश्यकता होगी। वहीं इसके भरवान मिश्रण के लिए चार बड़े आम, कुछ स्ट्रॉबेरी, एक कटोरी अंगूर और बारीक कटी हुई गाजर (वैकल्पिक) होनी चाहिए। ये सारी साम्रगियां एकत्र करने के स्वादिष्ट मैंगो सुशी बनाने के तैयार हो जाएं।

स्टेप-1

मैंगो सुशी की बाहरी परत तैयार करने का तरीका

सबसे पहले मध्यम आंच पर गैस ऑन करके उस पर एक मध्यम आकार का पैन रखें और उसमें दो कप दूध के साथ चीनी और चावल डालें। फिर लगभग 10-15 मिनट तक मिश्रण को धीमी आंच पर गाढ़ा होने तक पकाएं। इसी के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि मिश्रण में कोई गांठ न हो। जब आपको लगे कि मिश्रण अच्छे से पक चुका है तो उसे ठंडा होने के लिए अलग रख दें।

स्टेप-2

मैंगो सुशी के भरवान को ऐसे करें तैयार

सुशी का भरवान तैयार करने के लिए सबसे पहले सभी आम को अच्छे से धोकर छील लें, फिर उन्हें पतली स्लाइस में काटकर एक प्लेट में रख दें। इसी तरह बाकी के सभी फल जैसे अंगूर और स्ट्रॉबेरी को धोकर और स्लाइस में काटकर एक अलग प्लेट में रख दें। इस दौरान इस बात का ध्यान रखें कि सुशी बनाने के दौरान भरवान की मात्रा एक समान होनी चाहिए।

स्टेप-3

मैंगो सुशी को इस तरह दें अंतिम रूप

सुशी को अंतिम रूप देने के लिए आम की स्लाइस को एक स्थान पर रखें और फिर उसके ऊपर चावल का मिश्रण डालकर उसके बीच में स्ट्रॉबेरी और अंगूर की स्लाइस भी रख दें। एक बार जब यह ठंडा हो जाए तो आम की धारियों को एक दिशा में रोल करना शुरू करें। उसके बाद सुशी को समान आकारों में काट लें। फिर मैंगो सुशी को ठंडा-ठंडा परोसें।