LOADING...
रोजाना 5 भिगोए हुए बादाम खाने से मिल सकते हैं ये 5 प्रमुख फायदे
भिगोए हुए बादाम खाने के फायदे

रोजाना 5 भिगोए हुए बादाम खाने से मिल सकते हैं ये 5 प्रमुख फायदे

लेखन अंजली
Aug 26, 2025
08:57 pm

क्या है खबर?

बादाम को सूखे मेवों की रानी कहा जाता है क्योंकि यह कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। यह मैग्नीशियम, विटामिन-E , कैल्शियम, प्रोटीन, फाइबर और स्वस्थ वसा का बेहतरीन स्रोत है। इसके सेवन से वजन नियंत्रित करने, हड्डियों को मजबूत रखने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इन सभी लाभों के लिए रोजाना 5 भीगे बादाम का सेवन करना जरूरी है। आइए भीगे बादाम खाने के फायदे जानते हैं।

#1

पाचन को दुरुस्त रखने में है कारगर

भीगे बादाम में फाइबर की अच्छी खासी मात्रा मौजूद होती है, जो पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में मदद कर सकता है। इसके अलावा फाइबर कब्ज की समस्या को दूर कर मल त्याग को आसान बना सकता है। भीगे बादाम में मौजूद एंजाइम अवरोधक गुण भी पाचन क्रिया के लिए फायदेमंद होते हैं और पाचन शक्ति को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। यह पाचन को बेहतर रखने में सक्षम खाद्य पदार्थों में से एक है।

#2

दिल को स्वस्थ रखने में है सहायक

रोजाना 5 भीगे बादाम का सेवन दिल के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। कई अध्ययनों के अनुसार, भीगे बादाम में मौजूद अच्छे फैटी एसिड और एंटी-ऑक्सीडेंट खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करके अच्छे कोलेस्ट्रॉल को संतुलित करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा भीगे बादाम में कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम और फाइबर जैसे पोषक तत्व भी होते हैं, जो दिल को स्वस्थ रखने में सहायक हो सकते हैं।

#3

हड्डियों को मजबूत बनाने में हैं सहायक

हड्डियों को मजबूत बनाने में भीगे बादाम का सेवन काफी हद तक मददगार साबित हो सकता है। इसका कारण है कि भीगे बादाम में कैल्शियम और मैग्नीशियम की भरपूर मात्रा होती है, जो हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ ही उन्हें स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा भीगे बादाम में विटामिन-E भी मौजूद होता है, जो हड्डियों की बीमारी से बचाने में सहायक है।

#4

वजन नियंत्रित करने में हैं कारगर

भीगे बादाम का सेवन वजन नियंत्रित करने में भी मदद कर सकता है। यह शरीर में चर्बी के जमाव को रोकने और स्वस्थ तरीके से वजन घटाने में सहायक हो सकता है। इसके अतिरिक्त भीगे बादाम में मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर बनाने के साथ ही शरीर में ऊर्जा का संचार कर सकता है, जिससे व्यक्ति को सक्रिय रखने में मदद मिलती है।

#5

त्वचा के लिए है फायदेमंद

रोजाना भीगे बादाम का सेवन त्वचा के लिए भी लाभकारी है। इसका कारण है कि भीगे बादाम में विटामिन-E होता है, जो त्वचा के लिए एक बेहतरीन एंटी-ऑक्सीडेंट की तरह काम करता है। इसके अलावा भीगे बादाम में मौजूद अच्छे फैटी एसिड त्वचा को मुलायम बनाने में मदद कर सकते हैं। इन्हें खाने से चेहरे की समस्याएं भी दूर हो सकती हैं और त्वचा पर निखार आ सकता है।