
शरीर में कैल्शियम के स्तर को कम कर सकती हैं ये 5 चीजें, इनसे बनाएं दूरी
क्या है खबर?
कैल्शियम एक जरूरी पोषक तत्व है, जो हड्डियों और दांतों के विकास में अहम भूमिका निभाता है। दूध, दही और हरी पत्तेदार सब्जियों जैसे खाद्य पदार्थों में कैल्शियम प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। हालांकि, कुछ खाद्य पदार्थ और पेय कैल्शियम के अवशोषण को कम कर सकते हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे खाद्य पदार्थों के बारे में बताते हैं, जिनका अधिक सेवन कैल्शियम के अवशोषण को कम कर सकता है।
#1
ज्यादा नमक
ज्यादा नमक का सेवन शरीर से कैल्शियम के नुकसान की संभावना को बढ़ा सकता है। एक शोध के मुताबिक, नमक का अधिक सेवन करने से शरीर से कैल्शियम के साथ-साथ अन्य खनिज भी बाहर निकल जाते हैं। इसलिए रोजाना एक चुटकी नमक से ज्यादा का सेवन नहीं करना चाहिए। लाभ के लिए आप अपने खाने में समुद्री नमक या काला नमक शामिल कर सकते हैं क्योंकि इनमें अन्य पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं।
#2
कैफीन युक्त पेय
चाय और कॉफी जैसे कैफीन युक्त पेय का अधिक सेवन भी शरीर से कैल्शियम के नुकसान का कारण बन सकता है। इसलिए अगर आप रोजाना 2 कप से ज्यादा चाय या कॉफी पीते हैं तो इससे आपकी हड्डियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और आपको कैल्शियम की कमी हो सकती है। हालांकि, अगर आप रोजाना 1-2 कप चाय या कॉफी का सेवन करते हैं तो यह हड्डियों को नुकसान नहीं पहुंचाती है।
#3
शराब और धूम्रपान
शराब और धूम्रपान का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि ये कैल्शियम के अवशोषण को भी कम कर सकते हैं। शराब पीने से शरीर में कैल्शियम का स्तर कम हो जाता है, जिससे हड्डियां कमजोर होने लगती हैं, वहीं धूम्रपान करने से शरीर में कैल्शियम की कमी हो जाती है, जिससे हड्डियों की मजबूती पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसलिए इन चीजों से दूरी बनाना ही बेहतर है।
#4
कोल्ड ड्रिंक
कोल्ड ड्रिंक या अन्य ज्यादा मीठे पेय का अधिक सेवन भी कैल्शियम के अवशोषण को कम कर सकता है। इन पेय में मौजूद फास्फोरिक एसिड और शक्कर शरीर से कैल्शियम के नुकसान का कारण बन सकती है। इसके अतिरिक्त ज्यादा मीठे पेय का सेवन स्वास्थ्य को कई तरह से प्रभावित कर सकता है। इसलिए इनका सेवन सीमित मात्रा में ही करें। लाभ के लिए आप घर पर ही नींबू पानी, नारियल पानी या छाछ आदि का सेवन करें।
#5
ज्यादा प्रोटीन युक्त आहार
प्रोटीन शरीर के लिए अहम है, लेकिन ज्यादा प्रोटीन युक्त आहार का सेवन कैल्शियम के अवशोषण को कम कर सकता है। दरअसल, ज्यादा प्रोटीन युक्त आहार शरीर से कैल्शियम के नुकसान का कारण बन सकता है। इसके अतिरिक्त ज्यादा प्रोटीन युक्त आहार का सेवन करने से शरीर में एसिड की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे कैल्शियम की कमी हो सकती है। इसलिए सीमित मात्रा में ही प्रोटीन युक्त आहार का सेवन करें।