नवरात्रि के दौरान होने लगी है थकावट? इन 5 तरीकों से पाएं ऊर्जा
क्या है खबर?
नवरात्रि के 9 दिन देवी दुर्गा के 9 अलग-अलग रूपों को समर्पित होते हैं और इस दौरान लोग उपवास रखते हैं, जहां कुछ लोग उपवास रखते समय अपनी ऊर्जा को बनाए रखने में सफल रहते हैं, वहीं कुछ लोगों को बीच में ही थकावट महसूस होने लगती है। अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं तो आइए आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताते हैं, जिनसे आपको ऊर्जा मिल सकती है।
#1
पानी का करें ज्यादा से ज्यादा सेवन
थकावट का एक बड़ा कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसका कारण यह है कि उपवास रखने वाले व्यक्ति को भूख के साथ-साथ प्यास भी लगती है और पानी के सेवन से भूख को कम किया जा सकता है।
इसके अलावा पानी के सेवन से शरीर से हानिकारक तत्व बाहर निकलते हैं और शरीर को ठंडक मिलती है। इसके लिए दिनभर में 8-10 गिलास पानी पीना जरूरी है।
#2
फल और सब्जियों को आहार में करें शामिल
अगर आप नवरात्रि में उपवास रख रहे हैं तो अपने खाने में फलों और सब्जियों को शामिल करना न भूलें। फल और सब्जियां न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं, बल्कि इनसे भरपूर ऊर्जा भी मिलती है।
आप चाहें तो फलों का रस या स्मूदी भी पी सकते हैं। इसके अलावा सब्जियों का सूप भी पीएं। यह आपके शरीर को तरोताजा रखने में मदद करेगा।
#3
उपवास के दौरान पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों का करें सेवन
उपवास के दौरान पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करने से भी ऊर्जा मिल सकती है।
इसके लिए आप साबूदाना, आलू, राजगिरी के आटे की रोटी, कुट्टू के आटे का परांठा और लौकी की सब्जी आदि को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
ये खाद्य पदार्थ प्रोटीन, कार्ब्स और कई विटामिन्स से भरपूर होते हैं, जो आपको ऊर्जा देने में मदद कर सकते हैं।
#4
गहरी नींद लें
थकान से उबरने के लिए गहरी नींद लेना बहुत जरूरी है। इसका कारण यह है कि जब हम सोते हैं तो हमारा शरीर खुद को ठीक करता है और ऊर्जा पुनः प्राप्त करता है।
इसके लिए रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद लेना जरूरी है। अगर आप दिन में एक बार झपकी लेते हैं तो इससे भी आपको ऊर्जा मिल सकती है। इसके अलावा सोते समय सिरहाने एक गिलास पानी भी रखें।
#5
कैफीन और चीनी युक्त चीजों से बनाएं दूरी
उपवास के दौरान चाय, कॉफी और चीनी युक्त चीजों का सेवन करने से बचें क्योंकि इन चीजों में मौजूद कैफीन और शक्कर शरीर को ऊर्जावान बनाने के बजाय थकान को बढ़ाती हैं। इसलिए इनकी जगह आप नारियल पानी, नींबू पानी या छाछ आदि का सेवन करें।
इनसे शरीर को पोषण मिलेगा और आपको थकान नहीं होगी। इसके अलावा ये पेय आपको हाइड्रेट भी रखेंगे।