LOADING...
पुणे में मशहूर हैं ये 5 स्ट्रीट फूड, जानिए इन्हें घर पर बनाने का आसान तरीका

पुणे में मशहूर हैं ये 5 स्ट्रीट फूड, जानिए इन्हें घर पर बनाने का आसान तरीका

लेखन सयाली
Feb 25, 2025
03:56 pm

क्या है खबर?

पुणे को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी माना जाता है, जो अपने खान-पान के लिए मशहूर है। यहां मिलने वाला स्ट्रीट फूड अपने मसालेदार, चटपटे, तीखे और खट्टे-मीठे स्वाद के जरिए सभी के मन तृप्त कर देता है। अगर, आप पुणे जाए बिना ही वहां के जायके का आनंद लेना चाहते हैं तो घर पर ये 5 व्यंजन बनाकर खाएं। इन सभी स्ट्रीट फूड की रेसिपी आसान होती है और ये बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद आते हैं।

#1

पिठला भाकरी

पिठला पुणे का पारंपरिक व्यंजन है, जो बेसन से बनता है। इसे आमतौर पर चूल्हे पर पकाई गई ज्वार या बाजरे की भाकरी के साथ परोसा जाता है। पिठला बनाने के लिए बेसन को पानी, हल्दी, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन के पेस्ट के साथ पकाया जाता है। इसमें तड़का लगाने के लिए सरसों, जीरा और करी पत्ते का उपयोग किया जाता है। यह व्यंजन खासकर बारिश या ठंड के मौसम में बहुत पसंद किया जाता है।

#2

पाव भाजी

पाव भाजी बनाने के लिए मक्खन और तेल लगे पैन में प्याज और अदरक-लहसुन के पेस्ट को भूनें। उसमें मटर, हरा धनिया और कटे हुए आलू डालकर अच्छे से पकाएं। अब मिश्रण में नमक, कटी हुई सब्जियां, पाव भाजी मसाला और लाल मिर्च पाउडर डालकर मिला लें। इसके बाद इसमें टमाटर की प्यूरी, मक्खन और हरा धनिया डालें। अब पाव के ऊपर मक्खन लगाकर उसमें पाव भाजी मसाला छिड़कें, फिर उसे सेंकने के बाद भाजी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।

#3

भाकरवड़ी 

भाकरवड़ी एक कुरकुरा और तला हुआ नाश्ता है, जो सबसे पहले गुजरात में बनाया गया था है। हालांकि, अब यह पकवान महाराष्ट्र के पुणे में भी बेहद प्रचिलित हो गया है। इसे बनाने के लिए मसालेदार मिश्रण को आटे में भरा जाता है और बेलने के बाद टुकड़ों में काटकर तला जाता है। इस नाश्ते का स्वाद मीठा, मसालेदार और हल्का तीखा होता है। इसे आप चाय, कॉफी या कोल्ड ड्रिंक आदि के साथ खा सकते हैं।

#4

मस्तानी 

पुणे में एक खास तरह का पेय मिलता है, जो स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी पसंद आता है। यह एक तरह का मिल्कशेक होता है, जिसे मस्तानी के नाम से जाना जाता है। इसे बनाने के लिए दूध, चीनी, फ्लेवर वाला सिरप, फल और आइसक्रीम को मिक्सी में मिलाया जाता है। यह पेय आम, गुलाब और पिस्ता जैसे कई फ्लेवर में उपलब्ध रहता है और इसे सूखे मेवों से सजाकर परोसा जाता है।

#5

पूरण पोली 

अगर आप साधारण रोटी खा-खा कर थक गए हैं तो आप पुणे की लोकप्रिय पूरण पोली बनाकर खा सकते हैं। यह गेहूं की पतली रोटी होती है, जिसमें चने की दाल और गुड़ से बना मिश्रण भरा जाता है। इस रोटी को तवे पर सेंका जाता है और घी लगाकर गर्मा-गर्म परोसा जाता है। इसका मीठा स्वाद हर किसी को पसंद आता है और त्योहारों के दौरान यह हर मराठी थाली का हिस्सा रहता है।