ऑफिस जाने में देरी हो रही है तो कार में खाएं ये जल्दी बनने वाले नाश्ते
क्या है खबर?
कई बार ऑफिस के लिए तैयार होने में देरी हो जाती है, जिसकी वजह से नाश्ता करने का समय ही नहीं मिलता। अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है तो आपको कार में ही नाश्ता कर लेना चाहिए, लेकिन उसे छोड़ना नहीं चाहिए। ऐसा करने से आपकी ऊर्जा कम हो सकती है। इस लेख में हम आपको 5 जल्दी बन जाने वाले नाश्ते बताएंगे, जिन्हें आप आसानी से अपनी कार में बैठे-बैठे भी खा सकते हैं।
#1
पनीर रोल
सबसे पहले एक कटोरे में पनीर लेकर उसे मैश कर लें या टुकड़ों में काट लें। इसमें बारीक कटी पत्तेदार सब्जियां, प्याज, नमक, काली मिर्च और थोड़ा-सा नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब एक तवे पर थोड़ा तेल गर्म करके इसमें पराठे या रोटी सेकें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं। इसके बाद रोटी पर पनीर का मिश्रण फैलाएं और इसे रोल करके पैक करें और गाड़ी में खाएं।
#2
सब्जी वाला सैंडविच
सब्जी वाला सैंडविच बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड के 2 स्लाइस लें और उन पर मक्खन लगाएं। इसके बाद एक कटोरे में बारीक कटी गाजर, खीरा, टमाटर, प्याज और शिमला मिर्च डालकर अच्छे से मिलाएं। इस मिश्रण में मेयोनीज, चीज, नमक और काली मिर्च मिलाएं। अब स्प्रेड को ब्रेड पर लगाएं और दूसरे स्लाइस को ऊपर रखें, फिर सैंडविच को ग्रिल करें। आप चाहें तो इसे टोस्टर में भी टोस्ट कर सकते हैं।
#3
पनीर सलाद
पनीर सलाद बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े कटोरे में पनीर के टुकड़े, खीरा, टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च, मटर और मकई के दाने डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें नींबू का रस, नमक, काली मिर्च और थोड़ा-सा चाट मसाला मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें, फिर इसे खाएं। यह सलाद स्वादिष्ट और सेहतमंद होता है, जिसे आप कार में बैठे-बैठे खत्म कर सकते हैं।
#4
दाल चावल
दाल चावल एक लोकप्रिय व्यंजन है, जिसे आप कार में खाते हुए ऑफिस जा सकते हैं। इसके लिए पहले एक प्रेशर कुकर में थोड़ा-सा तेल गर्म करके उसमें राई और करी पत्ते भूनें। इसके बाद इसमें तूर दाल डालकर कुछ मिनट पकाएं, फिर इसमें पानी और नमक मिलाएं और 3 सीटी आने तक पकाएं। इसमें चावल डालकर 5-7 मिनट तक पकाएं। यह व्यंजन तब बढ़िया रहेगा जब आपको ज्यादा भूख लगी हो या आप लंच न करने वाले हों।
#5
पोहा
पोहा बनाने के लिए पोहे पर पानी की छीटें मारकर 5 मिनट के लिए रख दें। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करके उसमें राई डालें। इसके बाद इसमें कुछ करी पत्ते, बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटा प्याज और हल्दी पाउडर मिलाकर 5 से 10 मिनट तक पकाएं। इसके बाद मिश्रण में पोहा, नींबू का रस, नमक और भुनी मूगंफली मिलाएं। इसके बाद इस पर बारीक कटा पत्तेदार धनिया डालकर इसे खाएं।