
50 साल से अधिक उम्र के लोग करें इन योगासनों का अभ्यास, रहेंगे फिट एंड फाइन
क्या है खबर?
जैसे-जैसे उम्र बढ़ने लगती है, वैसे-वैसे कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हमारे शरीर को घेरने लगती हैं। अगर आपकी उम्र भी 50 साल से अधिक है तो आपको अपनी शारीरिक और मानसिक सेहत को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना कुछ मिनट योगाभ्यास करना चाहिए।
आइए आज हम आपको कुछ ऐसे योगासनों के अभ्यास का तरीका बताते हैं जिनका नियमित अभ्यास करके 50 साल से अधिक उम्र के लोग फिट एंड फाइन रह सकते हैं।
#1
त्रिकोणासन
इसके लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं और फिर अपने दोनों पैरों को जितना हो सके उतना खोल लें।
इसके बाद अपने दोनों हाथों को कंधों की सीध में फैलाएं और फिर एक हाथ की उंगलियों से उसी तरफ के पैर के अंगूठे को छूने की कोशिश करें।
इस मुद्रा में दो-तीन मिनट तक बने रहने के बाद धीरे-धीरे आसन छोड़ें। फिर इसी प्रक्रिया को दूसरे हाथ की तरफ से दोहराएं।
#2
शलभासन
इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर पेट के बल लेट जाएं और फिर अपने दोनों हाथों को जांघों के पीछे की ओर ले जाएं।
अब लंबी सांस लेते हुए अपने सिर के साथ-साथ अपने दोनों पैरों और गर्दन को धीरे-धीरे ऊपर की तरफ उठाएं। ध्यान रहे कि आपका पेट जमीन पर ही रहना चाहिए।
कुछ मिनट बाद धीरे-धीरे इस मुद्रा को छोड़ते हुए सामान्य हो जाएं। इस आसन को आप 10-12 बार दोहरा सकते हैं।
#3
कटिचक्रासन
सबसे पहले योगा मैट पर अपने दोनों पैरों को एक-दूसरे से थोड़ा दूर फैलाकर सीधे खड़े हो जाएं।
अब अपने हाथों को अपने सामने इस तरह फैलाएं कि हथेलियां एक-दूसरे के सामने हों।
इसके बाद धीरे-धीरे अपने दाएं हाथ के साथ-साथ अपने शरीर के ऊपरी हिस्से को भी दायीं ओर घुमाएं। दायीं ओर घुमाते समय दायां हाथ सीधा रहेगा और बायां हाथ मुड़ेगा।
इसी प्रक्रिया को बायीं तरफ से भी दोहराएं। कुछ मिनट के बाद आसन छोड़कर सामान्य हो जाएं।
#4
भुजंगासन
भुजंगासन के अभ्यास के लिए सबसे पहले योगा मैट पर अपने हाथों को अपने कंधों के नीचे रखकर पेट के बल लेट जाएं।
अब अपने हाथों से दबाव देते हुए अपने शरीर को जहां तक संभव हो सके ऊपर उठाने की कोशिश करें। इस दौरान सामान्य तरीके से सांस लेते रहें।
इसके बाद कुछ देर इसी मुद्रा में बने रहें और फिर धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं। कुछ देर बाद फिर से इस योगासन का अभ्यास करें।