बीमार होने पर नहीं करता पानी पीने का मन? इन 5 तरीकों से बढ़ाएं सेवन
क्या है खबर?
अगर आपका बीमार होने पर पानी पीने का मन नहीं करता तो समझ जाइए कि आप शरीर में पानी की कमी की समस्या का सामना कर सकते हैं। इससे शरीर की रक्षा प्रणाली कमजोर हो सकती है और ठीक होने में अधिक समय लग सकता है। यह जरूरी है कि आप पानी के साथ-साथ अन्य तरल पदार्थों का सेवन भी करें। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताते हैं, जिनसे आप आसानी से पानी का सेवन बढ़ा सकते हैं।
#1
खाएं पानी से भरपूर फल और सब्जियां
सेब, नाशपाती, तरबूज, खीरा, गाजर, टमाटर और ककड़ी जैसे फलों और सब्जियों में पानी की अच्छी खासी मात्रा होती है। इसलिए, इनको अपने खाने में शामिल करें।
ये न केवल आपको पानी की कमी से बचा सकते हैं, बल्कि आपकी त्वचा को भी स्वस्थ रख सकते हैं। इसके अलावा ये पेट को भरा हुआ महसूस कराने और अतिरिक्त कैलोरी से छुटकारा दिलाने में भी मददगार हैं।
इन्हें खाने से आपको जल्दी ठीक होने में भी मदद मिलेगी।
#2
पानी की बोतल हमेशा पास रखें
अगर आप पानी पीने से बचते हैं तो पानी की बोतल को अपने पास रखना शुरू कर दें। इससे आप अपनी पानी की खपत को बढ़ाने के लिए खुद को याद दिला सकेंगे।
इसके लिए आप एक ऐसी पानी की बोतल खरीद सकते हैं, जिसमें पानी की मात्रा के लिए निशान हो। इसके अलावा आप चाहें तो अपने फोन में याद दिलाने वाला अलार्म सेट कर सकते हैं या पानी का एक गिलास भरकर उसे अपने पास रख सकते हैं।
#3
पानी के साथ-साथ खनिज वाले पेय का सेवन करें
खनिज वाले पेय में सोडियम, पोटेशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे तत्व होते हैं, जो शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। ये पेय शरीर में पानी के अवशोषण को बढ़ाते हैं और खनिजों के स्तर को भी बनाए रखते हैं।
इसके अलावा ये शरीर को पानी की कमी से बचाने में भी मदद कर सकते हैं। लाभ के लिए नारियल पानी, नींबू पानी, खीरे का पानी या फिर फलों का पानी आदि को अपने खाने में शामिल करें।
#4
अपनी पसंदीदा गतिविधियों के दौरान पीएं पानी
अगर किसी भी चीज का अधिक सेवन करने के लिए कह दिया जाए तो वह हमको उबाऊ लगने लगती है, फिर चाहें वह पानी ही क्यों न हो। इसलिए, पानी पीने को मजबूरी न समझें, बल्कि इसे अपनी पसंदीदा गतिविधियों के दौरान पीएं।
उदाहरण के लिए, आप पानी पीने के लिए अपने पसंदीदा गाने सुन सकते हैं या फिर कोई फिल्म देखकर उसका आनंद ले सकते हैं। इससे आपका ध्यान पानी पीने पर नहीं जाएगा और सेवन भी हो जाएगा।
#5
पानी पीने का समय तय करें
दिनभर में पानी पीने के लिए समय तय करने से भी आपकी पानी की खपत बढ़ सकती है।
उदाहरण के लिए, सुबह उठकर, नाश्ते से पहले, नाश्ते के बाद, दोपहर के खाने से पहले, दोपहर के खाने के बाद, शाम के नाश्ते से पहले, शाम के नाश्ते के बाद और सोने से पहले पानी पीने की आदत डालें।
इसके अलावा जब भी आपको लगे कि आप पानी पीना भूल रहे हैं तो खुद को याद दिलाएं।