Page Loader
दिवाली के लॉन्ग वीकेंड पर घूमने का प्लान बना रहे हैं? ये पांच जगहें हैं बेहतरीन
दिवाली के लॉन्ग वीकेंड पर इन जगहों पर घूमें

दिवाली के लॉन्ग वीकेंड पर घूमने का प्लान बना रहे हैं? ये पांच जगहें हैं बेहतरीन

लेखन अंजली
Oct 14, 2022
11:43 am

क्या है खबर?

इस साल दिवाली 24 अक्टूबर को है और इसके साथ धनतेरस, छोटी दिवाली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे त्योहार भी आते हैं। ऐसे में अगर आपको इन त्योहारों पर छुट्टी मिल रही है और आपका घर में रहकर दिवाली मनाने का मन नहीं है तो आप एक यात्रा का प्लान बना सकते हैं। आइए आज हम आपको पांच ऐसी खूबसूरत जगहों के बारे में बताते हैं जहां आप घूम सकते हैं।

#1

नीमराना

नीमराना राजस्थान के अलवर जिले का एक ऐतिहासिक स्थान है जो दिल्ली से महज 124.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह जगह अपने नीमराना किले के लिए प्रसिद्ध है। यह राजसी किला पहाड़ी के ऊपर 10 हेक्टेयर क्षेत्र तक फैला है। जो राजस्थान की समृद्ध सांस्कृति, परंपरा और आधुनिक शैली के बेहतरीन मिश्रण को प्रदर्शित करता है। इस किले क अब एक लक्जरी रिसॉर्ट में बदल गया है जहां छुट्टियां बिताना यकीनन मजेदार रहेगा।

#2

बीर बिलिंग

हिमाचल प्रदेश में स्थित बीर भारत के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक है, जो समुद्रतल से 5,000 फीट की ऊंचाई पर मौजूद है। इसे 'बीर बिलिंग' के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्यटन स्थल प्रकृति नजारों, धार्मिक स्थल, झरने और एडवेंचर गतिविधियों के लिए आदर्श माना जाता है। अगर आप शहर की हलचल से दूर पहाड़ों में दिवाली बिताने के मूड में हैं तो यहां का रुख करें। यह जगह दिल्ली से लगभग 550 किलोमीटर दूर है।

#3

शोजा

दिल्ली से लगभग 550 किलोमीटर की दूरी पर स्थित शोजा एक बेहतरीन पर्यटन स्थल है जो हरे-भरे जंगलों और घास के मैदानों से सुशोभित है। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के पास स्थित यह खूबसूरत जगह ट्रेकर्स के लिए और प्रकृति के बीच आराम करने वालों के लिए भी एकदम सही है। आप यहां आकर रघुपुर किला, वाटरफॉल पॉइंट, सेरोलसर झील और तीर्थन घाटी आदि जगहों पर जरूर घुमें।

#4

ऋषिकेश

दिल्ली से 233 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ऋषिकेश को गढ़वाल हिमालय के मुख्य द्वार के रूप में भी जाना जाता है। उत्तराखंड के इस खूबसूरत शहर को भारत के एडवेंचर स्पोर्ट्स के केंद्र के रूप में भी विकसित किया गया है। यहां आकर आप व्हाइट वाटर राफ्टिंग, फ्लाइंग फॉक्स, माउंटेन बाइकिंग, बंजी जंपिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों का लुत्फ उठा सकते हैं।

#5

लैंसडाउन

लैंसडाउन एक छोटा पहाड़ी शहर है जो दिल्ली से लगभग 280 किलोमीटर दूर है। उत्तराखंड में 1,780 मीटर की ऊंचाई पर स्थित लैंसडाउन एक शांत और खूबसूरत जगह है, जहां आप अपनी दिवाली की छुट्टियां सुकून से बिता सकते हैं। यह पर्यटन स्थल आध्यात्मिकता, एडवेंचर गतिविधियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक आदर्श स्थान है। यही नहीं, लैंसडाउन सुंदर जंगल समेत वन्यजीव अभयारण्य के लिए भी मशहूर है।