Page Loader
रात के खाने से जुड़ी इन गलतियों को करने से बचें, बढ़ सकता है वजन

रात के खाने से जुड़ी इन गलतियों को करने से बचें, बढ़ सकता है वजन

लेखन अंजली
Mar 07, 2021
09:00 pm

क्या है खबर?

रात का खाना खाने के बाद शरीर में काफी आलस आ जाता है जिसके चलते फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाती हैं और बाद में यह वजन बढ़ने का कारण बनता है। इसलिए अगर आप वजन नियंत्रित करने की कोशिश में लगे हुए हैं तो बेहतर होगा कि आप रात के खाने से जुड़ी कुछ गलतियों पर पूर्ण विराम लगा दें। चलिए फिर आज हम आपको रात के खाने से जुड़ी ऐसी ही कुछ गलतियों के बारे में बताते हैं।

#1

रात का खाना खाते ही सोना

बहुत से लोग रात का खाना खाने के तुरंत बाद ही बिस्तर पर सोने के लिए चले जाते हैं जो कि गलत है क्योंकि यह तरीका मोटापा बढ़ा सकता है। दरअसल, आपको बिस्तर पर जाने से कम से कम दो घंटे पहले अपना भोजन करना चाहिए। अगर आपका मकसद वजन नियंत्रित करना है तो आपको अपना भोजन शाम 7 बजे तक कर लेना चाहिए और फिर 9 बजे तक सो जाना चाहिए।

#2

सही मात्रा में खाना न खाना

रात के समय सही मात्रा में खाना न खाना कई तरह की पेट संबंधी समस्याओं के साथ-साथ बढ़ते वजन का कारण भी बन सकता है। बेहतर होगा कि आप रात को पेट भरके खाना खाने की बजाय थोड़ा कम खाना खाएं। दरअसल, अगर आप रात को ज्यादा खाना खाते हैं तो सोते समय शरीर खाने को बहुत अधिक पचा नहीं पाता है जिसके कारण पेट में गैस बनने लगती है और पेट फूलने लगता है।

#3

गलत खाद्य पदार्थों का सेवन

अगर आप रात के खाने में अधिक तले या मसालेदार खाद्य पदार्थों को शामिल करते हैं तो आपकी यह गलती बढ़ते वजन का मुख्य कारण बन सकती है। रात के खाने में पूरी, परांठे, पिज्जा, बिरयानी और मैदे से बनी चीजें नहीं खानी चाहिए। बेहतर होगा कि आप इनकी बजाय ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करें जिन्हें बनाने में कम तेल और मसालों का इस्तेमाल किया गया हो और जो पोषक तत्वों से समृद्ध भी हों।

#4

देर तक जागना भी है गलत

वजन नियंत्रित करने के लिए जितना महत्वपूर्ण खाने का समय और खाने की चीजों का चुनाव है, उतना ही महत्वपू्र्ण रात के समय भरपूर नींद लेना है। अगर आप रात को देर तक जागते हैं या सुबह देर तक सोते हैं तो इससे भी आपका वजन बढ़ता है। इसलिए रात का खाना सही समय पर खाएं और इसके बाद सही समय पर सो जाएं, ताकि आपकी 7-9 घंटे की नींद अच्छे से पूरी हो सके।