समझ नहीं आ रहा आपके चेहरे पर कौन-सी नथ लगेगी सबसे सुंदर? यहां समझें
क्या है खबर?
भारत के इतिहास में गहनों का खास महत्व रहा है, चाहे वह हार हो या बालियां। हालांकि, आज भी जिस गहने के बिना श्रृंगार अधूरा माना जाता है, वह है नथ।
मंगलसूत्र की तरह यह भी शादीशुदा महिलाओं के सुहाग की निशानी होती है, जो कई अलग-अलग डिजाइन में उपलब्ध रहती है।
आज के समय में तो इसे कुंवारी लड़कियां भी शौक से पहनती हैं। आज के फैशन टिप्स में जानिए आपके चेहरे पर किस तरह की नथ अच्छी लगेगी।
#1
गोल चेहरे वाली महिलाओं के लिए नथ
गोल चेहरे वाली महिलाओं को ऐसी नथ पहननी चाहिए, जिसमें उनका चेहरा थोड़ा लंबा लगे और लोगों का ध्यान उसपर जाए।
ऐसे डिजाइन वाली नथ का चुनाव करें, जिनमें नीचे की ओर लटकने वाले पेंडेंट या मोती लगे हों। छोटे फूलों के डिजाइन वाली नथ गोल चेहरे पर अच्छी लगती हैं, खासकर अगर उनमें छोटे-छोटे मोती भी लगे हों।
गोल चेहरे पर बीडेड यानि नग वाली नथ भी शानदार लगती हैं।
#2
चौकोर चेहरे वाली महिलाओं के लिए नथ
जिन महिलाओं का चेहरा चौकोर होता है, उनके लिए छोटे आकार की नथें बेहतर विकल्प हो सकती हैं। ऐसी नथ उनके चेहरे के फीचर्स को निखार सकती हैं।
अगर आपकी नाक लंबी और नुकीली है तो आपको बालियों वाली नाक की कील पहननी चाहिए। बड़ी और भारी नथें चौकोर चेहरे की चौड़ाई को और बढ़ा सकती हैं।
मध्यम आकार की नथें भी एक अच्छा विकल्प हो सकती हैं, खासकर अगर वे हल्के हार और बाली के साथ पहनी जाएं।
#3
लंबे चेहरे वाली महिलाओं के लिए नथ
लंबे चेहरे वाली महिलाओं के ऊपर रंग-बिरंगे नग वाली या मोतियों वाली नथ बहुत अच्छी लगती हैं। इन्हें पहनकर आपका चेहरा थोड़ा चौड़ा और भरा हुआ दिखाई दे सकता है।
गोल या हूप वाली नथ और ज्यादा डिजाइनर नथ भी लंबे चेहरे वाली महिलाओं पर जंचती हैं। हॉरिजोंटल रेखाओं वाली नथ भी आपके चेहरे के आकार को संतुलित दिखाने में मदद कर सकती हैं।
लंबे चेहरे पर भारी नथ पहनने से बचना चाहिए, वर्ना चेहरा और लंबा दिख सकता है।
#4
हर महिला पर जंचने वाली नथ
कुछ नथ ऐसी डिजाइन की होती हैं कि वे किसी भी प्रकार के चेहरे पर अच्छी लगती हैं। इन्हें कई अवसरों और पार्टियों में पहना भी जा सकता है।
इनमें से एक है हीरे की नथ, जिसे एक सदाबहार जेवर की तरह देखा जाता है। हालांकि, हीरे का आकार आप अपनी पसंद और सुविधा के हिसाब से चुन सकती हैं।
इसके अलावा, फूलों वाली नथ भी हर भारतीय महिला के चेहरे की शोभा बढ़ा सकती हैं।