Page Loader
अपने बच्चों को जरूर करवाएं दिल्ली की इन मजेदार जगहों की सैर, ज्ञान भी बढ़ेगा

अपने बच्चों को जरूर करवाएं दिल्ली की इन मजेदार जगहों की सैर, ज्ञान भी बढ़ेगा

लेखन अंजली
Jan 27, 2020
09:45 pm

क्या है खबर?

जिस तरह से हर कोई अपनी उम्र और रुचि के अनुसार घूमने-फिरने का शौकिन होता है। ठीक उसी तरह बच्चों को भी वैसी जगहें पसंद होती हैं, जहां वे जमकर मस्ती कर सकें। दिल्ली में बच्चों के घूमने के लिए कई शानदार जगहें हैं, जिनमें से कुछ जगहों पर बच्चे मौज-मस्ती करने के साथ-साथ सामान्य ज्ञान भी प्राप्त करेंगे। तो आइए जानें कि वे जगहें कौन सी हैं जो बच्चों के लिए बेस्ट बन सकती हैं।

#1

चिल्ड्रन पार्क

अगर आप अपने बच्चे के साथ इंडिया गेट घूमने जा रहे हैं तो आप अपने उसको इंडिया गेट के पास स्थित चिल्ड्रन पार्क में भी घूमाने ले जा सकते हैं। इस पार्क में आपके बच्चे कई सारी चीजों का लुत्फ उठा सकते हैं, जिनमें एंफी थियेटर, जंगल बुक थिएटर, तरह-तरह की राइड आदि शामिल हैं। कब जाएं: सोमवार को छोड़कर आप यहां किसी भी दिन अपने बच्चों के साथ सुबह 09:30 से शाम 05:30 बजे के बीच जा सकते हैं।

#2

सेवन वंडर्स पार्क

दिल्ली के सराय काले खां इलाके में स्थित सेवन वंडर्स पार्क बच्चों के लिए बेहद ही शानदार जगह है। यहां आप अपने बच्चों को विश्व के सातों अजूबों के मॉडल जैसे ताजमहल, एफिल टॉवर, मिस्र का पिरामिड, पीसा की झुकी मीनार आदि दिखा सकते हैं। खास बात यह है कि इन अजूबों के मॉडल 90 टन के कबाड़ से बनाए गए हैं। कब जाएं: यहां किसी भी दिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे के बीच जा सकते हैं।

#3

नेशनल रेल म्यूजियम

अगर आपके बच्चे को टॉय ट्रेन का शौक है तो आपको उसे दिल्ली के चाणक्यपुरी में स्थित नेशनल रेल म्यूजियम जरूर घुमाना चाहिए। यहां रेल के कई मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं, जिनके बारे में जानना दिलचस्प होगा। इतना ही नहीं, बच्चों के साथ-साथ आप भी यहां की ट्रेन टॉय की सवारी का मजा ले सकते हैं। कब जाएं: मंगलवार से लेकर रविवार तक आप यहां सुबह के 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच जा सकते हैं।

#4

नेशनल साइंस सेंटर

नेशनल साइंस सेंटर दिल्ली के प्रगति मैदान में स्थित है, जहां बच्चों को साइंस से संबंधित कई तरह की जानकारियां मिल जाएगी। यहां मेसोजोइक काल का युगीन परिवेश भी दिखाया गया है, जहां बच्चे खूब आनंद लेते हैं। यहां बच्चे फन साइंस गैलरी का लुत्फ भी उठा सकते हैं। कब जाएं: यहां आप बच्चों के साथ किसी भी दिन सुबह के 09:30 बजे से शाम 6 बजे के बीच जा सकते हैं।