
गर्मियों के दौरान रोजाना एक गिलास नारियल पानी में भिगोए हुए चिया बीज खाएं, मिलेंगे फायदे
क्या है खबर?
गर्मियों के दौरान शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे ज्यादा जरूरी है क्योंकि इससे लू और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा कम हो सकता है।
इसके लिए नारियल पानी सबसे अच्छा पेय है, लेकिन अगर आप रोजाना एक गिलास नारियल पानी में भिगोए हुए चिया बीज मिलाकर पीते हैं तो इससे न केवल आपको भरपूर ऊर्जा मिलेगी, बल्कि कई अन्य लाभ भी मिलेंगे।
आइए जानते हैं कि नारियल पानी और चिया बीज का संयोजन क्या-क्या लाभ दे सकता है।
#1
पाचन के लिए है बेहतरीन
नारियल पानी और चिया बीज का संयोजन पाचन के लिए बहुत अच्छा है।
इसका कारण है कि नारियल पानी में मैग्नीशियम होता है, जो पाचन को सुधारने में मदद कर सकता है।
दूसरी ओर चिया बीज में पाया जाने वाला फाइबर पेट की चर्बी और कैलोरी को कम करने में मदद कर सकता है।
इसके अतिरिक्त ये कब्ज, गैस, सूजन, अपच और पेट दर्द जैसी समस्याओं से भी राहत दिला सकते हैं।
#2
शरीर को मिल सकती है भरपूर ऊर्जा
चिया बीज और नारियल पानी का संयोजन शरीर को भरपूर ऊर्जा देने में मदद कर सकता है।
दरअसल, चिया बीज में प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो मांसपेशियों के विकास और उन्हें सही तरीके से काम करने में मदद कर सकते हैं, वहीं नारियल पानी में मौजूद प्राकृतिक शर्करा और इलेक्ट्रोलाइट्स मांसपेशियों को ऊर्जा प्रदान करने में मदद कर सकते हैं।
#3
दिल के लिए है फायदेमंद
नारियल पानी और चिया बीज का मिश्रण दिल के लिए भी फायदेमंद है।
लाभ के लिए एक गिलास नारियल पानी में एक चम्मच चिया बीज मिलाकर पीएं। यह मिश्रण खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है।
इसके अतिरिक्त चिया बीज में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो दिल संबंधी जोखिमों से शरीर को सुरक्षित रखने में सहायक है।
#4
रोग प्रतिरोधक क्षमता को मिल सकता है बढ़ावा
चिया बीज और नारियल पानी का मिश्रण शरीर की रक्षा करने की क्षमता को भी बढ़ावा दे सकता है।
इसका कारण है कि चिया बीज और नारियल पानी में एंटी-ऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो शरीर की जहरीले तत्वों से लड़ने की शक्ति को बढ़ा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त ये एंटी-ऑक्सीडेंट शरीर में हानिकारक कणों को कम करने में मदद कर सकते हैं।
#5
वजन नियंत्रित करने में है सहायक
अगर आप रोजाना सुबह एक गिलास नारियल पानी में भिगोए हुए चिया बीज मिलाकर पीते हैं तो इससे वजन नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है।
इसका कारण है कि चिया बीज फाइबर का अच्छा स्त्रोत होते हैं, जो लंबे समय तक पेट को भरा हुआ महसूस करवा सकते हैं। इससे आप अनहेल्दी खाने से बच सकते हैं और आपका वजन नियंत्रित रह सकता है।