Page Loader
कई बीमारियों को दूर करने में सक्षम है सोया मिल्क, जानिये इससे मिलने वाले फायदे

कई बीमारियों को दूर करने में सक्षम है सोया मिल्क, जानिये इससे मिलने वाले फायदे

लेखन अंजली
Aug 03, 2020
06:00 pm

क्या है खबर?

दूध स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है क्योंकि यह कई पोषक तत्वों से समृद्ध होता है। आजकल बाजार में कई प्रकार के दूध उपलब्ध हैं और दूध का ऐसा ही एक प्रकार सोया मिल्क है। सोयाबीन से बना यह दूध कई प्रकार की शारीरिक समस्याओं को दूर रखने में मदद कर सकता है। इसी कारण इस दूध को डाइट में शामिल करना फायदेमंद सिद्ध हो सकता है। चलिए फिर जानते हैं सोया मिल्क के फायदे।

#1

बढ़ते वजन को नियंत्रित करने में मददगार है सोया मिल्क

आजकल कई लोग बढ़े हुए वजन से परेशान हैं क्योंकि बढ़ता वजन शरीर को कई गंभीर बीमारियों का घर बना सकता है, इसलिए जरूरी है कि वजन को समय रहते नियंत्रित कर लिया जाए। इस काम में सोया मिल्क कुछ हद तक मदद कर सकता है क्योंकि इसमें फाइबर और कम मात्रा में शुगर शामिल होती है जिनको वजन नियंत्रित करने में मददगार माना जाता है। इस लिहाज से सोया मिल्क को डाइट में शामिल करना लाभदायक हो सकता है।

#2

बढ़ते कोलेस्ट्रॉल से राहत देता है सोया मिल्क

बढ़ते हुए वजन की ही तरह बढ़ता हुआ कोलेस्ट्रॉल भी कई प्रकार की बीमारियों का कारण बन सकता है जिसमें हृदय की समस्या सबसे प्रमुख है। बढ़ते हुए खराब कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के लिए सोया दूध फायदेमंद हो सकता है क्योंकि इसमें हाइपोकोलेस्टेरोलेमिक और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं। ये दोनों ही गुण कोलेस्ट्रॉल को कम करने में फायदेमंद होते हैं। इसलिए अगर आप अपना कोलेस्ट्रॉल कम करना चाहते हैं तो सोया मिल्क को डाइट में जरूर शामिल करें।

#3

रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती प्रदान करने में सहायक है सोया मिल्क

बार-बार बीमार होते रहना या बीमारी को ठीक होने में ज्यादा समय लगना रोग प्रतिरोधक क्षमता के कमजोर होने की निशानी है जो स्वास्थ्य के लिहाज से सही नहीं है। रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर करने के लिए सोया मिल्क का सेवन फायदेमंद हो सकता है क्योंकि इसमें आइसोफ्लेवोंस पाया जाता है जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर करता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होने से कैंसर, अर्थराइटिस और हृदय संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता है।

#4

एनीमिया का इलाज बन सकता है सोया मिल्क

समय रहते अगर एनीमिया जैसी समस्या पर ध्यान न दिया जाए तो यह शरीर के लिए बेहद घातक साबित हो सकती है क्योंकि एनीमिया रक्त में आयरन की कमी के कारण होती है जिससे हीमोग्लोबिन सबसे ज्यादा प्रभावित होता है। इस समस्या से निपटने में सोया मिल्क आपकी मदद कर सकता है। दरअसल, सोया मिल्क फैटी एसिड, प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और खनिजों से भरपूर होता है जो आयरन की कमी को पूरा करने में मदद कर सकते हैं।