Loading...
AI का इस्तेमाल बढ़ाता है होमवर्क का स्कोर, लेकिन परीक्षा के नतीजों को करता है खराब
AI से बढ़ते होमवर्क के अंक और घटते परीक्षा के अंक (तस्वीर: पिक्सेल)

AI का इस्तेमाल बढ़ाता है होमवर्क का स्कोर, लेकिन परीक्षा के नतीजों को करता है खराब

लेखन सयाली
Oct 09, 2026
11:47 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने लोगों के जीवन को आसान बना दिया है और कई लोग तो अपने काम के लिए इसपर निर्भर रहने लगे हैं। छात्र इसकी मदद से अपना होमवर्क और प्रोजेक्ट आदि आसानी से मिनटों में पूरे कर लेते हैं। इससे उनका स्कोर तो अच्छा आ जाता है, लेकिन सीखने की क्षमता पर असर पड़ता है। एक नए अध्ययन के मुताबिक, AI छात्रों के होमवर्क के स्कोर को बढ़ाता है, लेकिन परीक्षा के नतीजे खराब कर सकता है।

अध्ययन

चीन के छात्र बने अध्ययन का हिस्सा

यह अध्ययन स्टॉकहोम विश्वविद्यालय और हांगकांग विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने मिलकर पूरा किया था। इसे 'सेंटर फॉर इकोनॉमिक पॉलिसी रिसर्च' द्वारा प्रकाशित किया गया था।

इसमें चीन के 7वीं से 12वीं तक के 26,811 छात्रों पर गौर किया गया था। सामने आया कि AI के इस्तेमाल से होमवर्क के स्कोर में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और इसे पूरा करने में लगने वाला समय 30 प्रतिशत तक कम हो गया।

नतीजे

AI से छात्रों के स्कोर पर पड़ा कितना असर?

करीब 6 महीनों के अंदर ही मासिक परीक्षा के स्कोर में 20 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। साथ ही कॉलेज में दाखिले की परीक्षा के स्कोर 18 से 24 प्रतिशत तक गिर गए।

अध्ययन के दौरान ऐसे छात्रों की पहचान की गई, जिनके स्कोर में इस तरह का अंतर आने की सबसे ज्यादा संभावना थी। इनमें वे छात्र शामिल थे, जिन्होंने अपना होमवर्क सही ढंग से और कम समय में पूरा करने के लिए AI का इस्तेमाल किया था।

ADVERTISEMENT

चिंता

AI के कारण प्रभावित हो रही है छात्रों की याद करने की क्षमता

80 प्रतिशत छात्रों के स्कोर AI का इस्तेमाल करने की वजह से खराब हुए।

अध्ययन के शोधकर्ताओं ने कहा, "हाल के वर्षों में छात्रों के बीच AI टूल्स के तेजी से फैलने से उनकी पढ़ाई-लिखाई को लेकर व्यापक चिंताएं पैदा हुई हैं। हमारे अध्ययन से पता चलता है कि AI छात्रों की पढ़ाई-लिखाई पर काफी बुरा असर डालता है।"

इससे उनका काम तो जल्दी हो जाता है, लेकिन उनकी चीजें सीखने और याद करने की क्षमता कमजोर होती जाती है।

ADVERTISEMENT

इस्तेमाल

छात्रों के बीच क्यों बढ़ रहा है AI का इस्तेमाल?

एक सर्वे के अनुसार, दुनियाभर के स्कूलों में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। इससे कई छात्रों में परीक्षा में नकल करने की आदत भी विकसित हो रही है, जिसके चलते वे पढ़ाई में और कमजोर होते जा रहे हैं।

छात्र होमवर्क और पढ़ाई के लिए AI का इस्तेमाल इसलिए करते हैं, क्योंकि यह तुरंत जवाब देता है, 24/7 उपलब्ध रहता है और लिखने या मुश्किल समस्याओं को हल करने में तुरंत मदद देता है।

हल

कैसे हल हो सकती है यह समस्या?

तकनीक के दौर में AI लोगों के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनता जा रहा है। ऐसे में छात्रों के लिए इसका इस्तेमाल सीमित करना माता-पिता और शिक्षकों के हाथ में है।

इसके लिए माता-पिता और शिक्षकों को ध्यान देना चाहिए कि बच्चे पढ़ाई या होमवर्क करते समय मोबाइल या लैपटॉप लेकर न बैठें। अगर वे AI इस्तेमाल करें भी तो केवल कुछ मुश्किल समस्याओं के लिए ही करें।

ऐसा करने से उनकी सीखने और याद रखने की क्षमता बढ़ेगी।

ADVERTISEMENT