चिप-चिप से बचते हुए स्टाइलिश दिखने के लिए मानसून के दौरान पहनें इन फैब्रिक वाले कपड़े
क्या है खबर?
मानसून अपने साथ ठंडी-ठंडी हवाएं और सुहानी बारिश लेकर आता है। इस मौसम में बारिश की बूंदों में भीगना एक रोमांटिक अनुभव होता है।
हालांकि, मानसून के दौरान चिपचिपाहट और आद्रता बढ़ जाती है, जिसकी वजह से पसीना निकलता है। साथ ही बारिश में भीगने के बाद गीले कपड़ों से चक्कते भी निकल सकते हैं।
इस मौसम में इन फैब्रिक वाले कपड़े पहनना सही रहता है, जो आरामदायक होने के साथ-साथ स्टाइलिश भी दिखते हैं।
#1
कॉटन
मानसून में आपको कॉटन के कपड़ों का चुनाव करना चाहिए, क्योंकि ये हवादार और हल्के होते हैं। इस फैब्रिक में आपको आद्रता महसूस नहीं होगी और ठंडक का एहसास भी होता रहेगा।
यह फैब्रिक शरीर की गर्मी को सोंखता नहीं है और पसीने को जल्दी सुखा देता है। अगर आप कॉटन के कपड़े पहनकर भीग भी जाते हैं तो वे जल्दी सूख भी जाएंगे।
आप मानसून में साधारण कॉटन के साथ-साथ बांस वाला कॉटन और रेयॉन कॉटन चुन सकते हैं।
#2
नायलॉन
नायलॉन फैब्रिक अपने जलरोधी और जल्दी सूखने वाले गुणों की वजह से मानसून के लिए सही विकल्प हो सकता है। यह पॉलिएस्टर की तुलना में हल्का, मजबूत और ज्यादा टिकाऊ होता है।
बारिश में पहने जाने वाले ज्यादातर रेन कोट इसी कपड़े से बने होते हैं। नायलॉन पानी को दूर करता है, उसे कपड़े के अंदर जाने से रोकता है और शरीर को सूखा हुआ रखता है।
साथ ही यह फैब्रिक लंबे समय तक चलता भी है।
#3
स्पैन्डेक्स
स्पैन्डेक्स एक मजबूत और टिकाऊ फैब्रिक होता है, जो तीव्र शारीरिक गतिविधि करने के बाद भी फटता नहीं है। यह फैब्रिक गीला होने पर जल्दी सूख जाता है और नमी को शरीर में प्रवेश नहीं करने देता है।
यही कारण है कि बारिश में घर से निकलते समय आप इस फैब्रिक से बने कपड़े पहन सकते हैं।
स्पैन्डेक्स के साथ अन्य फैब्रिक मिलाकर आप स्टाइलिश परिधान तैयार कर सकते हैं, जो मजबूत भी होंगे और बारिश से बचाकर भी रखेंगे।
#4
चैम्ब्रे
चैम्ब्रे एक कॉटन आधारित फैब्रिक है, जो डेनिम जैसा दिखता है। यह कॉटन या लिनन से बना एक प्राकृतिक कपड़ा है, जो मानसून के मौसम के लिए बढ़िया रहता है।
अपनी अनूठी बुनाई के कारण यह फैब्रिक डेनिम जैसा दिखता तो है, लेकिन यह उससे पतला और आरामदायक होता है।
चैम्ब्रे पानी और पसीने को जल्दी सुखाने की क्षमता के लिए जाना जाता है और यह गीला होने पर शरीर से चिपकता भी नहीं है।
#5
लिनन
बारिश के मौसम में पहनने के लिए लिनन फैब्रिक के कपड़े सबसे बढ़िया रहते हैं।
यह फ्लाक्स धागों से बना एक प्राकृतिक फैब्रिक है, इसलिए यह हवा को अच्छी तरह आर-पार होने देता है और शरीर पर पसीने को टिकने से रोकता है।
इसकी हवादार बनावट, नमी सोखने वाली क्षमता और जल्दी सूख जाने वाले गुणों के चलते यह सभी की पहली पसंद बन जाता है।
आपको मानसून के मौसम में स्टाइलिश दिखने के लिए ये फैशन टिप्स अपनाने चाहिए।