गर्मी के लिए सही रहेंगी चिकनकारी कुर्तियां, जानिए इन्हें स्टाइल करने के 5 शानदार तरीके
क्या है खबर?
गर्मी में ऐसे कपड़ों का चयन करना सही रहता है, जो शरीर को ठंडा रखें और पसीने को जल्दी सोख सकें।
इन्हीं आरामदायक कपड़ों की सूची में शुमार होती है चिकनकारी कुर्ती, जिसे लखनऊ की शान माना जाता है।
चाहे पार्टी में शामिल होना हो, कॉलेज जाना हो या किसी पारंपरिक कारिक्रम में शिरकत देनी हो, चिकनकारी कुर्तियां हर मौके के लिए सही रहती हैं।
आज के फैशन टिप्स में इस परिधान को स्टाइल करने के 5 शानदार तरीके जानें।
#1
वाइड लेग जींस के साथ स्टाइल करें
इन दिनों महिलाएं चिकनकारी कुर्तियों के साथ एक मॉडर्न लुक पाना पसंद करती हैं। इसके लिए आप इस पारंपरिक परिधान को वाइड लेग डेनिम जींस के साथ पेयर कर सकती हैं।
यह लुक कॉलेज जाने, खरीदारी करने या दिन के समय घूमने जाने के लिए सबसे आदर्श रहेगा। वाइड लेग जींस के साथ छोटे आकार वाली चिकनकारी कुर्तियां सबसे अच्छी लगती हैं, जो इन दिनों सबसे ज्यादा ट्रेंड में हैं।
इस लुक के साथ आप स्नीकर्स पहन सकती हैं।
#2
दुपट्टे और चूड़ीदार पयजामा के साथ पेयर करें
अगर आप पूजा या त्योहार के मौके पर चिकनकारी कुर्ती का चयन कर रही हैं तो उसके साथ दुपट्टा ओढ़ें और चूड़ीदार पयजामा पहनें।
ऐसा करने से सूट तैयार हो जाएगा, जो गर्मी से बचाएगा और स्टाइल में भी कमी नहीं आने देगा। अगर आप लुक को सिंपल रखना चाहती हैं तो सफेद दुपट्टा और चूड़ीदार चुनें।
ज्यादा फैंसी लुक के लिए आप जटिल कढ़ाई वाला दुपट्टा ले सकती हैं और कुर्ती से मेल खाता चूड़ीदार पयजामा पहन सकती हैं।
#3
प्लाजो के साथ पहनें
चिकनकारी कुर्तियों को स्टाइल करने का सदाबहार तरीका होता है उन्हें प्लाजो के साथ पहनना। यह लुक लखनवी महिलाओं का पसंदीदा होता है, क्योंकि इसमें बेहद शाही महसूस होता है।
आप बिना किसी काम वाले सफेद प्लाजो को चिकनकारी कुर्ती के साथ पेयर कर सकती हैं और लुक को निखारने के लिए ऑक्सीडाइज्ड जेवर पहन सकती हैं।
इसके अलावा, लखनऊ में आपको चिकनकारी वाले प्लाजो भी मिल जाएंगे, जो सबसे सुंदर दिखेंगे।
#4
लंबी स्कर्ट के साथ लुक को निखारें
अगर आप शादी में मेहमान बनकर जा रही हैं और चिकनकारी कुर्ती पहनना चाहती हैं तो उसके साथ स्कर्ट पेयर करें। पारंपरिक डिजाइन, कढ़ाई या पैटर्न वाली लंबी स्कर्ट पहनें, जिसका रंग कुर्ती के रंग से मेल खाता हो।
इससे आपको एक राजसी लुक मिल जाएगा। साथ ही, इस आउटफिट के जरिए आपके पैरों में हवा भी लगती रहेगी, जिस कारण आप गर्मी से बची रहेंगी।
इस लुक के साथ जुत्ती पहनना सबसे सही रहेगा।
#5
ऑक्सीडाइज्ड जेवर से शोभा बढ़ाएं
सभी इस बात को मानते हैं कि चिकनकारी कुर्तियां अपने आप में ही बेहद खूबसूरत होती हैं। हालांकि, इनकी शोभा को बढ़ाने के लिए इनके साथ ऑक्सीडाइज्ड जेवर पहने जा सकते हैं।
आप ऑक्सीडाइज्ड चोकर, लंबा हार, झुमके, चांद बालियां, अंगूठियां, पायल, कड़े या नथ पहनकर लुक में चार चांद लगा सकती हैं।
ये जेवर सिल्वर रंग के होते हैं और चिकनकारी कुर्तियों को अच्छी तरह कॉम्पलिमेंट करते हैं। इन्हें आप किसी भी लुक के साथ पेयर कर सकती हैं।