रक्षाबंधन पर ट्रेंडी लुक के लिए महिलाएं पहनें ये 5 आउटफिट, सभी करेंगे आपकी तारीफ
क्या है खबर?
रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के लिए बहुत खास होता है। इस मौके पर महिलाएं चाहती हैं कि वे सबसे अलग और खूबसूरत दिखें। अगर आप इस साल रक्षाबंधन पर क्या पहनेंगी, इस बारे में सोच रही हैं तो हम आपके लिए कुछ बेहतरीन विकल्प लेकर आए हैं। ये आउटफिट न केवल आरामदायक हैं, बल्कि स्टाइलिश और ट्रेंडी भी हैं। आइए रक्षाबंधन के लिए 5 ट्रेंडी आउटफिट के विकल्प जानते हैं।
#1
फारसी सलवार सूट
पिछले कुछ महीनों से इंटरनेट पर फारसी सलवार सूट छाए हुए हैं। इन्हें पहनकर आप न केवल त्योहार वाले दिन सबसे सुंदर दिखेंगी, बल्कि आरामदायक भी महसूस करेंगी।
इसमें एक खास तरह की बनावट वाली सलवार होती है, जो इसकी खासियत होती है। इसके साथ आप कॉर्सेट वाली या बिना बाजु वाली कुर्ती सिलवा सकती हैं।
इस लुक के साथ बड़े झुमके पहनें और पैरों में जूतियां भी पहन लें।
#2
कॉर्सेट कुर्ती और प्लाजो
इस साल महिलाओं की पसंदीदा कॉर्सेट कुर्तियां ही रही हैं, जिनके अब कई डिजाइन बाजार में उपलब्ध हैं।
इनमें से आप अपनी पसंद के हिसाब से चुन सकती हैं और उसे प्लाजो के साथ पहनकर एक सुंदर लुक हासिल कर सकती हैं।
कॉर्सेट कुर्तियां पीछे या साइड से बांधने वाली होती हैं, जो शरीर के हिसाब से बेहतरीन फिटिंग प्रदान करती हैं। आप चाहें तो इसके साथ लंबी स्कर्ट भी पहन सकती हैं।
#3
शॉर्ट कुर्ती और स्कर्ट
आज कल जो देसी आउटफिट सबसे ज्यादा चलन में है वह है स्कर्ट के साथ शॉर्ट कुर्ती को स्टाइल करना। स्कर्ट की लंबाई और प्रकार पूरी तरह से आपकी पसंद पर निर्भर करता है।
अगर आपको ट्रेंडी लुक चाहिए तो आप शॉर्ट कुर्ती को डेनिम मिनी स्कर्ट के साथ पहन सकती हैं। वहीं, ज्यादा पारंपरिक लुक पसंद करने वाली महिलाएं इन्हें लंबी सफेद स्कर्ट के साथ स्टाइल कर सकती हैं।
#4
हॉल्टर नेक शॉर्ट कुर्ती और फ्लेयर जींस
हॉल्टर नेक शॉर्ट कुर्ती और फ्लेयर जींस भी रक्षाबंधन के लिए एक बढ़िया आउटफिट हो सकता है। चुनरी या किसी खास प्रिंट वाली हॉल्टर नेक शॉर्ट कुर्ती का चयन करें, जिसकी फिटिंग आपके लिए एकदम सही हो।
इसके साथ नीले या काले रंग वाली फ्लेयर जींस पहनें, जिससे आपको थोड़ा इंडो-वेस्टर्न लुक मिल जाएगा। आप चाहें तो फ्लेयर पैंट या फिर बेल बॉटम जींस का भी विकल्प चुन सकती हैं।
#5
इंडो-वेस्टर्न ड्रेस
अगर आपको रक्षाबंधन पर कुछ अलग और आरामदायक पहनने का मन है तो इंडो-वेस्टर्न ड्रेस का चुनाव करने पर विचार करें।
इस तरह की ड्रेस इन दिनों ट्रेंड में हैं और आपको कई डिजाइन भी मिल जाएंगे। पुरानी साड़ी से आप इस तरह की ड्रेस बनवा भी सकती हैं, ताकि आप पुराने कपड़ों को नया रूप दे सकें।
इसके अलावा आप अपनी पसंद के कपड़े और स्टाइल वाली इंडो-वेस्टर्न ड्रेस खरीदकर भी पहन सकती हैं।