Page Loader
अमृता शेरगिल थीं भारत की सबसे महान महिला पेंटर, ये हैं उनकी 5 सबसे प्रसिद्ध पेंटिंग 

अमृता शेरगिल थीं भारत की सबसे महान महिला पेंटर, ये हैं उनकी 5 सबसे प्रसिद्ध पेंटिंग 

लेखन सयाली
May 09, 2025
02:15 pm

क्या है खबर?

अमृता शेरगिल भारतीय चित्रकला का वह नाम है, जिन्होनें अपनी प्रतिभा और कला के जरिए पूरी दुनिया में नाम कमाया था। वह भारत की सबसे महान महिला पेंटर थीं, जो आज भी लाखों महिलाओं की प्रेरणा स्त्रोत हैं। उनकी कलाकृतियों ने महिलाओं के लिए कला जगत के रास्ते खोल दिए थे और उनके व्यक्तिगत संघर्षों का कलात्मक वर्णन भी किया था। आइए इस प्रतिभाशाली कलाकार की कुछ अमर पेंटिंग के विषय में जानते हैं, जो विश्व प्रसिद्ध हैं।

#1

द स्टोरी टेलर

2023 में अमृता की एक पेंटिंग ने दुनिया की सबसे महंगी भारतीय पेंटिंग का खिताब हासिल किया था। इस पेंटिंग का नाम है 'द स्टोरी टेलर', जो 61.8 करोड़ रुपये में नीलाम हुई थी। इस पेंटिंग में गांव की कुछ महिलाओं को अपने घर के बाहर गायों के साथ आराम फरमाते हुए दिखाया गया है। इसमें कुछ महिलाएं पान खा रही हैं, एक हाथ वाला पंखा हिला रही है और सभी एक दूसरे से बातें करती नजर आ रही हैं।

#2

थ्री गर्ल्स

1934 में इंग्लैंड से लौटने के बाद अमृता ने 'थ्री गर्ल्स' नाम की पेंटिंग बनाई थी। इसमें 3 महिलाएं रंग-बिरंगे कपड़े पहने और घूंघट ओढ़े बैठी हैं, जिनके चेहरे पर उदासी दिखती है। वे अपनी नियति के बारे में सोच रही हैं, जिसे वे बदल नहीं सकतीं। इस कलाकृति ने 1937 में बॉम्बे आर्ट सोसाइटी की वार्षिक प्रदर्शनी में स्वर्ण पदक जीता था। इसे हैदराबाद के नवाब सालार जंग के लिए बनाया गया था, जिन्होंने उसे अस्वीकार कर दिया था।

#3

ब्राइड्स टॉयलेट

अमृता द्वारा बनाई गई 'ब्राइड्स टॉयलेट' उनकी सबसे प्रसिद्ध पेंटिंग में से एक है। यह उनकी एक दक्षिण भारतीय सीरीज का हिस्सा थी और इसकी प्रेरणा अजंता के चित्रों से ली गई थी। इस पेंटिंग के जरिए अमृता एक ऐसी लड़की की व्यथा पेश करना चाहती थीं, जिसकी शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई जा रही हो। इसमें कुछ महिलाएं सिंदूर और पाउडर लिए दुल्हन का श्रृंगार करती दिखाई देती हैं, जबकि दुल्हन खुद उदास नजर आती है।

#4

यंग गर्ल्स

अमृता ने 1932 में पेरिस में 'यंग गर्ल्स' नामक पेंटिंग को कैनवास पर उकेरा था, जो उनके पहली पेंटिंग थी। इसे 1933 के पेरिस सैलून में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया था और इसके जरिए ही अमृता को उस संस्था की सदस्यता मिली थी। इस पेंटिंग में 2 महिलाएं आमने-सामने बैठी दिखाई देती हैं। इनमें से एक अमृता की बहन इंदिरा हैं और दूसरी उनकी फ्रेंच दोस्त डेनिस प्राउटॉक्स हैं।

#5

लिटिल गर्ल इन ब्लू

अमृता ने 1934 में एक ऑयल पेंटिंग की रचना की थी, जिसे 'द लिटिल गर्ल इन ब्लू' नाम दिया गया था। इसे भारत में होने वाली सोथबी की पहली नीलामी 'बाउंडलेस: इंडिया' में 18.69 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर नीलाम किया गया था। यह उनकी 8 वर्षीय पड़ोसी ललित 'बबीत' कौर का चित्र है। इसमें बच्ची ने नीले रंग का टॉप पहना हुआ है और उसके चेहरे पर मासूमियत नजर आ रही है।