Page Loader
दुनिया की 5 सबसे खूबसूरत मूर्तियां, जो हैं मानवीय कौशल और कला का अद्भुत नमूना

दुनिया की 5 सबसे खूबसूरत मूर्तियां, जो हैं मानवीय कौशल और कला का अद्भुत नमूना

लेखन सयाली
May 16, 2025
02:17 pm

क्या है खबर?

कला के कई रूप होते हैं, जो समय के साथ बदलते रहते हैं। हालांकि, पेंटिंग के साथ-साथ एक और अनोखी कला है, जो सदियों से मानवीय कौशल और प्रतिभा का बखान करती आई है। हम बात कर रहे हैं मूर्तिकला की, जो संगमरमर और पत्थर जैसी सख्त सतहों पर की जाती है। दुनिया में कई प्रतिभाशाली मूर्तिकार हुए, जिन्होनें बिलकुल असली दिखने वाली कलाकृतियों को रूप दिया। इसी कड़ी में आज हम दुनिया की सबसे खूबसूरत मूर्तियों की चर्चा करेंगे।

#1

अगस्टे रोडिन की 'द थिंकर' 

अगस्टे रोडिन फ्रांस के एक महान मूर्तिकार थे, जिन्होनें 'द थिंकर' नाम की मूर्ती बनाई थी। यह एक प्रसिद्ध कांस्य मूर्ति है, जिसमें एक पुरुष नग्न अवस्था में बैठा हुआ दिखाई देता है। वह एक चट्टान पर बैठा है और उसने अपने हाथ को अपने सर पर रखा हुआ है। इससे ऐसा लगता है कि वह सोच में डूबी हुआ है। इस शानदार मूर्ति को काले रंग के संगमरमर से 1904 में बनाया गया था।

#2

थुटमोस की 'नेफर्तीती'

'नेफर्तीती' दुनिया की सबसे पुरानी मूर्तियों में से एक है, जिसकी रचना थुटमोस ने की थी। यह मिस्र की सबसे सुंदर कलाकृति है और इसे स्त्री सौंदर्य का प्रतीक माना जाता है। यह प्राचीन मिस्र के 18वें राजवंश की रानी नेफर्तीती की मूर्ति है। मूर्ति के चेहरे पर एलिगेंस झलकता है, जो रानी की सुंदरता को परिभाषित करता है। उसकी आखों में एक आग और आत्मविश्वास दिखाई देता है, जो सबसे ताकतवर पुरुषों को भी डरा सकता है।

#3

माइकल एंजेलो बुओनारोटी की 'डेविड'

दुनिया की सबसे शानदार मूर्तियों की सूची बिना 'डेविड' का जिक्र किए पूरी ही नहीं हो सकती। इसे माइकल एंजेलो बुओनारोटी ने रूप दिया था, जो इटली के सबसे महान मूर्तिकार थे। यह मूर्ति 1501 से 1504 के बीच बनी थी और इसे सफेद रंग के संगमरमर पर नकाशी करके बनाया गया था। यह 17 फीट ऊंचे नायक की मूर्ति है, जिसकी आखों से लेकर घुंघराले बालों तक, सब कुछ बिल्कुल सटीकता से बनाया गया है।

#4

गीजा का महान स्फिंक्स

गीजा पठार पर स्थित 'गीजा का महान स्फिंक्स' एक विशाल मूर्ति है, जिसे चूना पत्थर से बनाया गया है। यह प्राचीन मिस्र के समृद्ध इतिहास का प्रतीक मानी जाती है, जिसे 2500 ईसा पूर्व में पुराने साम्राज्य के मिस्रवासियों ने बनाया था। यह एक लेटे हुए शेर की प्रतिमा है, जिसका सिर एक इंसान का है। स्फिंक्स की लंबाई 73 मीटर, ऊंचाई 20 मीटर और चौड़ाई 19 मीटर है। यह दुनिया की सबसे बड़ी मूर्तियों में से एक है।

#5

माइकल एंजेलो बुओनारोटी की 'पिएटा' 

माइकल एंजेलो बुओनारोटी द्वारा बनाई गई 'पिएटा' ईसाइयों के लिए एक अहम मूर्ति है। इसे संगमरमर से बनाया गया था और इसमें यीशु की मां मैरी उन्हें अपनी गोद में सुलाती हुई दिखाई देती हैं। यह मूर्ति आज के समय में रोम के सेंट पीटर्स बेसिलिका में स्थित है। इसे माइकल एंजेलो ने 1498-99 में बनाया था, जब वे युवा थे। यह उनकी शुरुआती कृतियों में से एक है और इसमें उनका अद्भुत मूर्तिकला कौशल दिखाई देता है।