घर में लगाएं खुद पानी अवशोषित करने वाले पौधे, नहीं होती ज्यादा देखभाल की जरूरत
क्या है खबर?
कई लोगों को पेड़-पौधे पसंद तो बहुत होते हैं, लेकिन वे उनकी देखभाल ठीक तरह से नहीं कर पाते हैं।
इसका कारण व्यस्त जीवनशैली से लेकर लापरवाही तक, कुछ भी हो सकता है।
ऐसे लोगों के लिए खुद की देखभाल करने की क्षमता रखने वाले घरेलू पौधे सही रहते हैं।
इन्हें कम रख-रखाव की जरूरत होती है और ये पानी को कुशलतापूर्वक संग्रहित कर लेते हैं, जिस कारण ये खुद की सिंचाई कर पाते हैं।
#1
पीस लिली
घर की सजावट करने और उसके वातावरण को शुद्ध करने के लिए पीस लिली का पौधा बढ़िया रहता है।
यह गहरे हरे रंग की पत्तियों और सफेद फूलों वाला पौधा है, जो कम रौशनी वाली जगहों पर भी आसानी से खिल जाता है।
इसकी देखभाल करने बेहद आसान होता है, क्योंकि इसे हफ्ते में एक बार ही पानी देना पड़ता है।
यह पौधा गीली मिट्टी के सहारे खुद ही पानी अवशोषित करने में सक्षम होता है।
#2
स्पाइडर प्लांट
स्पाइडर प्लांट बड़े आकार की पतली पत्तियों वाला पौधा होता है, जिसकी पत्तियों का रंग हल्का हरा, सफेद और पीला होता है।
इस पौधे को देखने से मन शांत होता है और तनाव कम होता है। यह पौधा जल्दी बड़ा होता है और कम रोशनी में भी स्वस्थ बना रहता है।
यह अपने लचीलेपन और विभिन्न परिस्थितियों के अनुकूल ढलने की क्षमता के लिए जाना जाता है। इसमें नमी बनाए रखकर खुद ही पानी अवशोषित करने की क्षमता होती है।
#3
जेड
जेड छोटी पत्तियों वाला पौधा है, जिसमें टहनिया भी लगी होती हैं। जेड के पौधे सेल्फ-वाटरिंग गमलों में उगाए जा सकते हैं।
कई लोग इन्हें इस तरह के गमलों में ही बेचते भी हैं। यह पौधा ज्यादा रोशनी और न्यूनतम पानी मांगता है।
यह उन लोगों के लिए सही है, जिनके पास पौधों की देखभाल करने का समय नहीं रहता। इसकी मोटी पत्तियां पानी को स्टोर करती हैं, जिससे यह बिना पानी डाले भी लंबे समय तक टिका रहता है।
#4
लकी बांस
लकी बांस के पौधे को ज्यादातर लोग इसलिए घर लाते हैं, क्योंकि यह सुंदर होता है और सकारात्मकता लेकर आता है।
इस छोटे पौधे के निचले हिस्से में बांस होती है और उसके ऊपर हरी-भरी पत्तियां निकलती हैं।
यह पौधा पानी से भरे गमलों या कंकड़-पत्थरों के सहारे वाले सेल्फ-वाटरिंग गमलों में अच्छी तरह से बढ़ता है।
इसके ऊपरी हिस्से में कभी-कभी पानी डालने की जरूरत होती है, जिसे यह स्टोर करके लंबे समय तक पानी अवशोषित करता रहता है।
#5
चाइनीज एवरग्रीन
सर्दी के दिनों में आप अपने घर के अंदर चाइनीज एवरग्रीन नाम का पौधा लगा सकते हैं। इस पौधे को ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं पड़ती है और यह घर की सजावट के लिए भी सही रहता है।
इस पौधे की पत्तियां हरी, लाल, सफेद और ग्रे रंग की होती हैं। यह पौधा मध्यम से कम प्रकाश पसंद करता है और यह मिट्टी को नरम रखकर खुद को जिंदा रखने में सक्षम होता है।