सुबह के नाश्ते में खाएं उच्च प्रोटीन वाले पनीर के ये 5 व्यंजन, मिलेगी भरपूर ऊर्जा
क्या है खबर?
पनीर एक ऐसा डेयरी उत्पाद है, जिसे रोजाना एक बार जरूर खाना चाहिए। इसमें प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है, जो ऊर्जा देता है। प्रोटीन हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि यह मांसपेशियों को मजबूत बनाने से लेकर शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को बढ़ाने तक में मदद करता है। आपको सुबह के नाश्ते में पनीर से बनने वाले ये 5 व्यंजन खाने चाहिए। ये आपको दिनभर ऊर्जावान बनाए रखेंगे और इनकी रेसिपी भी आसान है।
#1
पनीर का चीला
पनीर का चीला एक बेहतरीन नाश्ता है, जिसे आप जल्दी-जल्दी बना सकते हैं। इसके लिए बेसन, सूजी और मलाई के साथ पनीर को घिसकर मिलाएं । इसके बाद इसमें नमक, मिर्च और थोड़ा-सा हरा धनिया डालें। अब इस मिश्रण को तवे पर हल्का-सा तेल लगाकर फैलाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें। आप इसका आनंद हरी चटनी के साथ ले सकते हैं। आप चाहें तो इसमें पनीर की स्टफिंग भी कर सकते हैं।
#2
पनीर का उपमा
उपमा एक दक्षिण भारतीय नाश्ता है, जिसे सूजी और सब्जियों से बनाया जाता है। इसमें अगर आप थोड़ा-सा घिसा हुआ पनीर मिला दें तो इसका स्वाद और पौष्टिकता, दोनों बढ़ जाएंगे। इसके लिए सूजी को हल्का-सा भूनकर उसमें तेल में तले हुए सरसों के बीज, उड़द दाल, हरी मिर्च, करी पत्ता और सब्जियां मिलाएं। अंत में इसमें घिसा हुआ पनीर डालकर अच्छी तरह मिलाएं और अच्छी तरह पक जाने दें।
#3
पनीर की टिक्की
पनीर की टिक्की बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद आती हैं। इसे बनाने के लिए उबले हुए आलू, मीसा हुआ पनीर, मैदा, नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और थोड़ी-सी हरी मिर्च मिलाकर टिक्की तैयार करें। अब इस टिक्की को तवे पर तेल लगाकर सुनहरा होने तक सेंकें। अंत में गर्मा-गर्म टिक्की को हरी पुदीने की चटनी के साथ परोसें। यह नाश्ता न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि प्रोटीन से भरपूर भी है।
#4
पनीर का ढोकला
ढोकला गुजरात का मशहूर व्यंजन है, जिसे आमतौर पर बेसन से बनाया जाता है। अगर आप इसमें थोड़ा-सा घिसा हुआ पनीर मिला दें तो इसका स्वाद और पौष्टिकता, दोनों बढ़ जाएंगे। इसके लिए बेसन को दही, नमक और हल्दी पाउडर मिलाकर घोल तैयार करें, फिर इसमें घिसा हुआ पनीर डालें। अब इस घोल को स्टीमर में पकाएं। अंत में तड़का लगाकर तैयार ढोकले को हरी चटनी और तली हुई मिर्च के साथ परोसें।
#5
पनीर का सैंडविच
सैंडविच हमेशा से ही बच्चों को बहुत पसंद आते रहे हैं। अगर इसमें आप थोड़ा-सा पनीर मिला दें तो इसका स्वाद एकदम बेहतरीन हो जाता है। इसके लिए ब्रेड के टुकड़ों पर मक्खन लगाकर रखें, फिर उस पर घिसा हुआ या टुकड़ों में कटा हुआ पनीर फैलाएं और ऊपर दूसरा ब्रेड का टुकड़ा रखें। इसमें पानी पसंद की सब्जियां और सॉस लगा लें। अब इसे टोस्टर या तवे पर सुनहरा होने तक सेंक लें।