
रोजाना एक कटोरी ओट्स का सेवन करने से मिल सकते हैं ये 5 प्रमुख फायदे
क्या है खबर?
स्वाद में हल्के-फुल्के मीठे और नमकीन ओट्स का सेवन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। यह फाइबर का बेहतरीन स्रोत है, जो पाचन को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है। इसके अलावा इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट और अन्य जरूरी पोषक तत्व कई अन्य लाभ भी दे सकते हैं। आइए आज हम आपको ओट्स के सेवन से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से बताते हैं।
#1
वजन को नियंत्रित करने में है सहायक
अगर आप अपने वजन को नियंत्रित करना चाहते हैं तो सुबह नाश्ते में ओट्स को शामिल करना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। ओट्स में मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखने में मदद कर सकता है, जिससे आप अस्वास्थ्यकर स्नैक्स और अन्य भोजन करने से बच सकते हैं। इसके अलावा ओट्स में मौजूद खास पोषक तत्व वजन को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है।
#2
पाचन के लिए है लाभदायक
ओट्स में भरपूर मात्रा में घुलनशील फाइबर होता है, जो शरीर में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है। ये अच्छे बैक्टीरिया पाचन को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा, ये खराब बैक्टीरिया को खत्म करने में भी मदद कर सकते हैं। ओट्स में मौजूद फाइबर और अन्य पोषक तत्व कब्ज, पेट फूलना और गैस जैसी अन्य पाचन संबंधित समस्याओं से भी छुटकारा दिला सकते हैं।
#3
दिल को स्वस्थ रखने में है मददगार
ओट्स का सेवन दिल को स्वस्थ रखने में भी मदद कर सकता है। इसका कारण है कि ये खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में सहायक हैं। इसके अलावा ओट्स में एंटी-ऑक्सीडेंट गुण भी मौजूद होते हैं, जो दिल को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। साथ ही ओट्स में मौजूद फाइबर रक्तचाप को भी नियंत्रित कर सकता है।
#4
रक्त शर्करा के स्तर को कर सकता है नियंत्रित
अगर आप रोजाना एक कटोरी ओट्स का सेवन करते हैं तो इससे रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। कई अध्ययनों के मुताबिक, ओट्स में मौजूद घुलनशील फाइबर रक्त शर्करा के स्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव को कम करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा ओट्स में मैग्नीशियम भी पाया जाता है, जो इंसुलिन के स्राव को नियंत्रित करने में सहायक है।
#5
त्वचा के लिए भी है लाभकारी
ओट्स का सेवन त्वचा के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट समेत सूजन कम करने वाले गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा इसमें मौजूद एंटी-सेप्टिक गुण त्वचा को सेहतमंद रखने के साथ कई समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक हो सकते हैं। आप चाहें तो ओट्स का इस्तेमाल फेस पैक के रूप में भी कर सकते हैं।