Page Loader
गर्मी की छुटि्टयों में बच्चों को करें इन रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित, मिलेंगे बेहतर परिणाम

गर्मी की छुटि्टयों में बच्चों को करें इन रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित, मिलेंगे बेहतर परिणाम

लेखन सयाली
May 20, 2024
01:59 pm

क्या है खबर?

देशभर में मई से लेकर जून तक स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां दी जाती हैं। इतने लंबे अवकाश के दौरान बच्चे खेल-कूद और मस्ती-मजाक में ही अपना सारा समय बिता देते हैं। हालांकि, आप अपने बच्चों की गर्मी की छुट्टियों में कुछ रचनात्मक कार्य करने के लिए भी प्रेरित कर सकते हैं। इससे भविष्य में बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। आज हम आपको ऐसे ही 5 रचनात्मक कार्यों के बारे में बताएंगे, जिन्हें बच्चे खुशी और उत्साह के साथ अपनाएंगे।

#1

कला

गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों को बोरियत से बचाने के लिए कला का सहारा लेने पर विचार करें। आप उन्हें चित्र बनाने या उनमें रंग भरने के लिए दे सकते हैं। इसके साथ ही अलग-अलग तरह के क्राफ्ट करना भी बेहद मजेदार गतिविधि होती है। अपने बच्चों को रंग-बिरंगे कागज देकर उनकी मन चाही चीजें बनाने के लिए दें। इसी तरह आप बाजार में मिलने वाली क्राफ्टिंग किट या कलरिंग बुक भी खरीद सकते हैं।

#2

आत्मरक्षा

गर्मियों में आउटडोर गतिविधियां भी उतनी ही जरूरी होती हैं, जितनी की इनडोर गतिविधियां। आज के युग में आत्मरक्षा यानि सेल्फ डिफेन्स एक वैकल्पिक जीवन कौशल से अधिक एक आवश्यकता बन गई है। अपने बच्चों की गर्मी की छुट्टियां होने पर उन्हें आत्मरक्षा की कक्षाओं में भेजें। इस दौरान बच्चे कराटे और कुंग फू जैसी लोकप्रिय रक्षा तकनीकों व जूडो और तायक्वों-डो जैसी कठिन रक्षा तकनीकों में से चुन सकते हैं।

#3

खाना बनाना 

अगर आपका बच्चा खान-पान का शौकीन है तो उसे शेफ की टोपी पहनाकर खाना बनाना सिखाएं। ऐसा करने से बच्चे रसोई में आपकी छोटी-मोटी मदद कर सकते हैं और एक यादगार अनुभव पा सकते हैं। आप बच्चों के साथ मिलकर केक, कुकी, सूप, सलाद या कई तरह के पेय बना सकते हैं। अपने बच्चे को सामग्रियां मिलाने, आटा गुथने, कुकी कटर से कुकी काटने और आपको सामान उठाकर देने के लिए प्रेरित करें।

#4

किताबें पढ़ना 

गर्मी की छुट्टियां किताबें पढ़ने की आदत डालने का सबसे अच्छा समय है। हर शाम अपने बच्चों को पढ़ने के लिए कोई कहानी वाली किताब दें। पढ़ते-पढ़ते पुस्तक के चित्रों की ओर इशारा करें और भविष्य में उन्हें स्वयं पढ़ने में मदद करने के लिए प्रोत्साहित दें। ऐसी पुस्तकों में निवेश करें जो रंग-बिरंगे चित्रों से भरी हों, जिससे बच्चे पढ़ने का आनंद ले सकें। रात को सोते समय भी आप अपने बच्चों को कोई कहानी पढ़कर सुना सकते हैं।

#5

बागवानी

प्रकृति के संपर्क में रहना सबसे अच्छी गतिविधियों में से एक है, जो आप इस गर्मी में अपने बच्चे को सिखा सकते हैं। अपने नन्हे दोस्तों को पड़ोस की नर्सरी में ले जाएं और उन्हें उनकी पसंद के पौधे चुनने दें। बच्चों को नर्सरी में कर्मचारियों से पौधों के विषय में सवाल-जवाब करने के लिए प्रेरित करें। पौधों को गमलों में लगाते समय, उन्हें पानी देते समय और उनकी देखभाल करते समय बच्चों को अपने साथ रखें।