Page Loader
दक्षिण भारत के ये चावल से बने व्यंजन हैं बेहद मशहूर, जानिए इन्हें बनाने का तरीका

दक्षिण भारत के ये चावल से बने व्यंजन हैं बेहद मशहूर, जानिए इन्हें बनाने का तरीका

लेखन सयाली
Feb 18, 2025
03:20 pm

क्या है खबर?

जब बात दक्षिण भारतीय भोजन की आती है तो मन में डोसा और इडली का नाम आता है। ये व्यंजन केवल भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियभर में मशहूर हैं। दक्षिण भारतीय खान-पान में चावल अहम सामग्री होती है और यह कई व्यंजनों का आधार है। इनमें नारियल और मसलों का अनोखा मिश्रण शामिल होता है, जो मन को तृप्त कर देता है। आइए चावल के मशहूर व्यंजनों की रेसिपी जानते हैं, जो दक्षिण भारत में बनाए जाते हैं।

#1

दही चावल

दही चावल एक ताजगी देने वाला व्यंजन है, जो तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में बेहद प्रसिद्ध है। इसे खाने से पेट को ठंडक मिलती है और पाचन स्वास्थ्य भी दुरुस्त होता है। इसे बनाने के लिए चावल को पकाकर दही में मिलाया जाता है। इसके बाद इसमें सरसों, अदरक, हरी मिर्च और करी पत्ते का तड़का लगाया जाता है। इसके स्वाद को बढ़ाने के लिए इसके ऊपर अनार के बीज, घिसी हुई गाजर या धनिया डाला जाता है।

#2

पेसरट्टू

पेसरट्टू एक अनोखा दक्षिण भारतीय व्यंजन है, जो डोसा से काफी मिलता-जुलता है। इसे बनाने के लिए उड़द की दाल की जगह पर मूंग की दाल का इस्तेमाल किया जाता है। इसके लिए दाल और चावल को भिगोकर हरी मिर्च, प्याज, नमक और हरी धनिया के साथ पीसा जाता है। इसके बाद तवे को गर्म करके उसपर यह बैटर फैलाया जाता है और डोसे को सेंका जाता है। आप इसमें आलू या पनीर आदि की फिलिंग भी कर सकते हैं।

#3

पोंगल

पोंगल एक पारंपरिक व्यंजन है, जिसे खास तौर से पोंगल त्योहार पर बनाया जाता है। आप अपनी पसंद के अनुसार इसे नमकीन या मीठा भी बना सकते हैं। पोंगल बनाने के लिए मूंग की दाल और चावल को अलग-अलग धो लें। अब चावल को भिगो लें और दाल को कुकर में पका लें। कुछ देर बाद इसमें चावल, गुड़ और पानी डालकर पकने दें। घी में मेवों और इलायची को भूनकर पोंगल में डालें और आनंद लेकर खाएं।

#4

लेमन राइस

लेमन राइस दक्षिण भारत का एक बेहद लोकप्रिय व्यंजन है। इसे बनाने के लिए पके हुए चावल में नींबू का रस, मूंगफली, करी पत्ते और सरसों के दाने मिलाए जाते हैं। यह व्यंजन हल्का और ताजगी भरा होता है, जिसे आप किसी भी समय खा सकते हैं। इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और यह पेट को भी हल्का रखता है। लेमन राइस का स्वाद हर उम्र के लोगों को पसंद आता है।

#5

इडली

इडली सबसे मशहूर दक्षिण भारतीय व्यंजन है, जिसे आम तौर पर नाश्ते में खाया जाता है। इसे फर्मेन्टेड चावल और उड़द की दाल के मिश्रण से तैयार किया जाता है और नारियल व लहसुन वाली चटनी के साथ परोसा जाता है। इसके लिए चावल और दाल को भिगो लें और मिक्सी में पीस लें। इसमें नमक मिलाकर बैटर तैयार कर लें। इसे कुछ देर तक ढककर रखें और इडली के सांचों में डालकर भाप में पका लें।