
गर्मियों के दौरान डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पिएं ये 5 देसी पेय
क्या है खबर?
गर्मियों में बढ़ती पसीने की मात्रा के कारण शरीर से कई जरूरी खनिज और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है।
इससे बचने के लिए शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है और इसके लिए देसी पेय का सेवन करना लाभदायक है।
आइए आज हम आपको 6 ऐसे देसी पेय के बारे में बताते हैं, जिनका सेवन गर्मियों के दौरान डिहाइड्रेशन से सुरक्षित रखने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर सकता है।
#1
सत्तू शरबत
सत्तू को चने का आटा भी कहा जाता है, जिसमें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे कई जरूरी तत्व पाए जाते हैं।
यह पेय शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ पाचन को सही रखने में मदद कर सकता है।
लाभ के लिए एक गिलास पानी में 2 चम्मच सत्तू पाउडर और स्वादानुसार गुड़ का पाउडर मिलाएं और फिर इसका सेवन करें। यह पेय गर्मियों में ताजगी का एहसास दिलाता है।
#2
कोकम शरबत
कोकम का शरबत एक लोकप्रिय और पारंपरिक पेय है, जो गर्मियों के दौरान शरीर को ठंडक देने के साथ हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है।
यह पेय एंटी-ऑक्सीडेंट, सूजन कम करने वाले और तनाव कम करने वाले गुणों से भरपूर होता है।
यह पेय बनाने के लिए सबसे पहले एक गिलास पानी में थोड़ा्-सा कोकम डालकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें, फिर इसमें चीनी, नमक और भुना जीरा पाउडर मिलाकर पीएं।
#3
बेल शरबत
बेल शरबत का सेवन भी गर्मियों के दौरान डिहाइड्रेशन से सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है।
लाभ के लिए सबसे पहले बेल फल को बीच से काटकर उसमें से गूदा निकाल लें, फिर इसे मिक्सी में पीसकर इसका गूदा निकालें। अब एक गिलास में दो चम्मच बेल का गूदा, एक चम्मच नींबू का रस, 1/2 चम्मच भुना जीरा पाउडर, चीनी (स्वादानुसार) और पानी मिलाकर इसका सेवन करें। यह पेय शरीर को ठंडक देता है।
#4
जलजीरा
जलजीरा को गर्मियों के दौरान सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले पेय में से एक माना जाता है। इसका मुख्य कारण है कि यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद है।
इसमें पुदीने की पत्तियां, काला नमक, भुना जीरा पाउडर, नींबू का रस और पानी जैसी सामग्री शामिल हैं। लाभ के लिए एक गिलास पानी में 1 चम्मच जलजीरा पाउडर, 1/2 चम्मच काला नमक, 1/2 चम्मच चीनी और नींबू का रस मिलाकर पीएं।
#5
आम पन्ना
आम पन्ना कच्चे आम से बनाया जाने वाला एक लोकप्रिय पेय है, जो गर्मियों के दौरान शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है।
लाभ के लिए सबसे पहले कच्चे आम को उबालें और फिर इसे छिलकर पीस लें। अब इसमें पुदीने की पत्तियां, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, चीनी और पानी मिलाकर इसे ठंडा करें। यह पेय गर्मियों में राहत देता है।