
गर्मियों में ठंडक पाने के लिए बनाकर खाएं ये 5 व्यंजन, इनकी रेसिपी भी है आसान
क्या है खबर?
गर्मी आते ही कुछ ऐसा खाने की चाह होती है, जो न केवल स्वादिष्ट हो, बल्कि ठंडक भी दे। इस मौसम में हल्का और ताजगी भरा खाना अच्छा लगता है, क्योंकि यह शरीर को ठंडक पहुंचाता है और तरो-ताजा महसूस कराता है।
आज हम आपके लिए 5 ऐसे व्यंजनों की रेसिपी लेकर आए हैं, जो गर्मियों में ठंडक के साथ-साथ लाजवाब स्वाद का मजा भी देंगी।
ये रेसिपी न सिर्फ आपकी भूख मिटाएंगी, बल्कि आपको ऊर्जा भी प्रदान करेंगी।
#1
तरबूज और पुदीने का सलाद
तरबूज गर्मियों का सबसे पसंदीदा फल है, क्योंकि इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है। इसे पुदीने के साथ मिलाकर एक ताजगी भरा सलाद तैयार किया जा सकता है।
इसके लिए सबसे पहले तरबूज को छोटे टुकड़ों में काट लें और उसमें ताजा पुदीने की पत्तियां मिलाएं। इसपर थोड़ा-सा नींबू का रस डालें और काला नमक छिड़कें।
यह सलाद आपके शरीर को ठंडक देगा और गर्मी से राहत दिलाएगा।
#2
आम की स्मूदी
आम को फलों का राजा कहा जाता है, जो खासकर गर्मियों के मौसम में उपलब्ध रहता है। आप गर्मी के प्रकोप से निजाद पाने के लिए इसकी ठंडी स्मूदी बना सकते है।
इसके लिए पके हुए आम को छीलकर उसका गूदे निकाल लें। इसे दही और थोड़ी-सी चीनी के साथ ब्लेंडर में डालें और अच्छी तरह से पीस लें।
इसे गिलास में निकालकर ऊपर से बर्फ डालकर परोसें। आप इसके ऊपर आम के टुकड़े भी डाल सकते है।
#3
खीरे का रायता
गर्मियों में भोजन के साथ परोसने के लिए आप खीरे का स्वादिष्ट रायता बना सकते है। इसे तैयार करने के लिए खीरे को छीलकर कद्दूकस करें और उसमें ताजा दही मिलाएं।
अब इसमें थोड़ा-सा जीरा पाउडर, काला नमक, बारीक कटी हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इन सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं, ताकि स्वाद बढ़िया हो सके।
यह रायता पेट को ठंडा रखता है और खाने का स्वाद भी बढ़ाता है।
#4
नींबू पानी
गर्मियों में शरीर को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी होता है और इसके लिए नींबू पानी सबसे अच्छा पेय है। इसे बनाने के लिए एक गिलास ठंडे पानी में आधा नींबू निचोड़ें।
इसमें थोड़ी-सी चीनी या शहद मिलाएं और चुटकी भर नमक डालें। इसे अच्छे से मिलाएं, ताकि सभी सामग्री अच्छी तरह घुल जाएं। ऊपर से बर्फ के टुकड़े डालकर सेवन करें।
यह न केवल शरीर की थकान दूर करता है, बल्कि आपको तरो-ताजा भी महसूस कराता है।
#5
दही-चावल
दही-चावल दक्षिण भारत का एक लोकप्रिय व्यंजन है, जो गर्मी से राहत दिला सकता है। इसे बनाने के लिए पहले से पकाए हुए चावल लें और उनमें ताजा दही मिलाएं।
स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा नमक डालें। इसके बाद करी पत्ता, सरसों के बीज और हरी मिर्च का तड़का लगाकर परोसें।
यह हल्का व्यंजन पेट को ठंडक पहुंचाता है, जिससे आप तरो-ताजा महसूस कर सकते हैं। इस व्यंजन को आप लंच या डिनर में खा सकते हैं।